आगरालीक्स…आगरा आज पूरे दिन जाम से जूझता रहा. भाईदूज के मौके पर एमजी रोड से लेकर हाइवे तक पर लगा जाम. सबसे ज्यादा यहां दिखे बुरे हालात…
आगरा में आज पूरे दिन जाम के हालात बने रहे. सुबह 9 बजे से जाम की जो स्थिति पैदा हुई वो देर शाम तक आगरा में लगी रही. भाईदूज के मौके पर उमड़ी भीड़ के कारण यह जाम की स्थिति रही. शहर के चौराहे हों या फिर अन्य मुख्य मार्ग, हाइवे हो या एमजी रोड, हर जगह जाम लगा रहा. जाम के कारण लोग पूरे दिन जूझते रहे. इसके अलावा दिवाली की छुट्टियां आज से समाप्त हो गई हैं और कल से लोगों को अपने काम पर लौटना है, ऐसे में आज ही लोग वापस लौटने लगे हैं, जिसके कारण भी लोगों की भीड़ ज्यादा रही और यही कारण है कि ज्यादातर चौराहों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई.

यहां ज्यादा दिखे बुरे हाल
शहर के रामबाग चौराहा, भगवान टाकीज चौराहा, सिकंदरा, बोदला, शाहगंज, बिजलीघर, हरीपर्वत, बालूगंज, बेलनगंज, टेढ़ी बगिया आदि ऐसे कुछ जगह रहीं, जहां जाम की स्थिति सबसे ज्यादा दिखाई दी.
एक्सप्रेस वे पर भी बढ़ा दबाव
वाहनों का यह दबाव केवल शहर के एमजी रोड या हाइवे पर ही नहीं बल्कि एक्सप्रेस वे भी दिखाई दिया. पिछले दिनों की अपेक्षा इस बार एक्सप्रेस वे पर ज्यादा वाहनों का दबाव दिखाई दिया.