आगरालीक्स… आगरा में सहालग में सब्जियों के भाव आसमान छू रहे हैं। नया आलू 50 रुपये के पार पहुंच गया है। अन्य सब्जियों की कीमतें कम नहीं हैं।
सर्दियों की दस्तक के साथ कम हो जाते थे रेट

आगरा में पिछले महीने मौसम में बदलाव और बारिश की वजह से सब्जियों की कीमतों में उछाल आ गया था। मौसम सही होने पर बाजार में सब्जियों की कीमतों में कमी की उम्मीद थीं लेकिन इसकी कीमतों में अभी तक कोई कमी दर्ज नहीं की गई है।
आलू में तेजी का कारण सहालग
बाजार में नया आलू आ गया है। ठेल-ढकेल पर गलियों में जाने वाले सब्जी विक्रेता नया 50 से 55 रुपये किलो बेच रहे हैं। कुछ दुकानों पर नया आलू 40 से 45 रुपये किलो चल रहा है। पुराना आलू भी 30 रुपये से कम नहीं है। सब्जियों की कीमतों में तेजी बरकरार रहने का कारण सहालग बताया जा रहा है।
गोभी और हरा धनिया की कीमतें जरूर नरम
सब्जियों की कीमत का हाल यह है कि टिंडे, करेले, ग्वार की फली, 60 रुपये किलो से कम नहीं है। सब्जियों में यदि किसी का नरम रुख चल रहा है तो वह है गोभी है, जो 30 से 40 रुपये किलो बिक रही है। हरा धनिया भी इस बार काफी सस्ता हो गया है।
पालक की गड्डी अब हो गई है दस रुपये की एक
पालक की गड्डी जो पांच रुपये की एक मिलती थी, वह अब 10 रुपये की एक गड्डी हो गई है। पालक की गड्डी के दाम एक दम दोगुने हो गए हैं। साथ ही पालक भी साफ नहीं आ रहा है। पालक या तो दगीला है या उसमें कीड़ा लगने से छेद और जाली सी बन गई है।
गायों को भी अब कम डाला जा रहा पालक
कुछ दिनों से सुबह के समय लोगों गायों को पालक की गड्डी भी डालना कम कर दिया है। इसकी जगह अन्य सब्जी या कुछ अन्य वस्तु गायों को खाने को दी जा रही हैं।