
सोमवार को एत्मादपुर में बघेल समाज के व्यक्ति के साथ दबंग सपा नेता द्वारा किए गए अमानवीय कृत्य के मामले में आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने बघेल समाज के साथ एत्मादपुर तहसील का घेराव किया। जल्द मांग न माने जाने पर कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी दी है। इस दौरान तहसील और कसबे में भारी पुलिस फ़ोर्स तैनात रहा।
घरों पर नोटिस चस्पा, ग्राउंड में पानी
घेराव को प्रशासन द्वारा एत्मादपुर में धारा 144 लागू की गयी थी। लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दिया गया थे, लेकिन भाजपा नेताओं और बघेल समाज के लोगों ने धारा 144 का उल्लंघन कर प्रभावी घेराव किया। वहीं, ग्राउंड में पानी भर दिया गया, इसके बाद भी भाजपा नेताओं ने सभा की। भाजपा पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसपी सिंह बघेल ने कहा कि इस घटना के सभी आरोपियों पर रासुका लगाई जाए। जब तक रासुका नहीं लगाई जाती तब तक ये लड़ाई जारी रहेगी। वहीं भाजपा नेता रामप्रताप सिंह ने कहा कि सपा नेता द्वारा किया यह अमानवीय कृत्य क्षमा के लायक नहीं है। पुलिस प्रशासन सत्ता के दबाव में कार्य कर रहा है। प्रभु दयाल कठेरिया ने घटना को निंदनीय बताते हुए आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की प्रशासन को चेतावनी देते कहा कि अगर जल्द आरोपियों पर रासुका नहीं लगाई गयी तो अगली रणनीति कलेक्ट्रेट का घेराव होगी। इस घेराव के दौरान जहां तहसील पर सैंकड़ों लोगों का जमावाड़ा लगा रहा वहीं कसबे के बाजारों में अनहोनी की आशंका के चलते तालाबंदी रही।
Leave a comment