आगरालीक्स.. आगरा में बीएड में प्रवेश के लिए 15 अप्रैल को संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। देखें क्या किए गए हैं बदलाव, फर्जी अभ्यर्थी नहीं हो सकेंगे शामिल।
प्रदेश भर में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली द्वारा संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन 15 अप्रैल को किया जा रहा है। आगरा में बीएड प्रवेश परीक्षा 89 परीक्षा केंद्रों पर होगी, इसमें 44,497 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
नोडल अधिकारी डॉ संजय चौधरी ने मीडिया को बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर से लगाए जाएंगे। इसके अलावा एक-एक पर्यवेक्षक जिला प्रशासन की ओर से तैनात किए जाएंगे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से भी चार पर्यवेक्षक आएंगे। प्रश्नपत्र वह अपने साथ लेकर आएंगे। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस की व्यवस्था भी रहेगी।
फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए बायोमीट्रिक हाजिरी
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में पहली बार बायोमीट्रिक हाजिरी की व्यवस्था रहेगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ केवल पेन लेकर आना होगा। वह समय से परीक्षा केंद्र पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।