आगरालीक्स… आगरा की पॉश कॉलोनी में कोठी के बाहर से ज्वैलर पर फायरिंग कर बदमाश स्कूटी लूट ले गए, उन्हें स्कूटी की डिग्गी में ज्वैलरी और कैश रहे होने की आशंका थी, पुलिस छानबीन में जुटी है।
कमला नगर ब्लॉक ई-339 निवासी नीतेंद्र अग्रवाल की किनारी बाजार में सराफा की दुकान है। बुधवार रात नौ बजे वह दुकान बंद करके एक्टिवा से घर लौट रहे थे। गेट के सामने पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक बदमाश स्कूटर लूटने का प्रयास करने लगा। सर्राफ बदमाश से भिड़ गए। सर्राफ के शोर मचाने पर बदमाश का साथी बाइक से उतरकर नीचे आया। उसने सर्राफ पर रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश स्कूटी लूट कर हाईवे की तरफ भाग गए। कॉलोनी में दहशत फैल गई, लोगों का घरों से बाहर निकलकर बदमाशों की घेराबंदी करने का साहस नहीं हुआ। इसके बाद बदमाश स्कूटर लूटकर हाईवे की ओर भाग निकले।
नहीं मिला 100 नंबर
ज्वैलर का कहना है कि 100 नंबर पर कई बार फोन किया लेकिन वह नहीं लगा। एक घंटे बाद अधिकारियों को मोबाइल पर घटना की सूचना दी। दुस्साहसिक लूट की जानकारी होते ही थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। सर्राफ ने पुलिस को बताया कि स्कूटर में नकदी-जेवरात नहीं थे। कुछ जरूरी कागजात रखे हुए थे। पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों का फुटेज मिल गया है। पुलिस के मुताबिक बदमाशों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।
आशंका है कि उनसे स्कूटर में लाखों के नकदी-जेवरात रखे होने की रेकी की गई थी। इसी के चलते बदमाशों ने सर्राफ को स्कूटर नहंी देने पर हत्या करने का प्रयास किया।