आगरालीक्स… आगरा की फतेहपुर सीकरी सीट से पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय के चुनाव न लडने के बाद बसपा ने नया प्रत्याशी घोषित कर चौंका दिया है। आगरा की फतेहपुर सीकरी सीट से दिल्ली निवासी बिजनेस राजवीर सिंह को लोकसभा प्रभारी बनाया गया है, लोकसभा प्रभारी ही बसपा के प्रत्याशी होते हैं।
सोमवार को लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ हुई बैठक के बाद दिल्ली के मार्बल आयातक राजवीर सिंह के नाम पर सहमति बनी। आगरा में पार्टी के कालिंदी विहार स्थित मंडल कार्यालय पर जब उनके नाम का एलान किया गया तो कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। बाह के कार्यकर्ता के विरोध पर धक्कामुक्की और हाथापाई हुई तो हंगामा हो गया।
पैराशूट प्रत्याशी’बताकर कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
शाम को मंडल कार्यालय पर सेक्टर प्रभारी सुनील कुमार चित्तौड़, पूर्व सांसद मुनकाद अली ने फतेहपुर सीकरी के कार्यकर्ताओं के सामने राजवीर सिंह को लोकसभा प्रभारी बनाने का एलान किया तो उसी समय हंगामा शुरू हो गया। हाथापाई की नौबत आ गई। कार्यकर्ताओं ने राजवीर को ‘पैराशूट प्रत्याशी’बताकर विरोध किया।
बाह के विधानसभा संयोजक हाकिम सिंह ने पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी तो बसपाइयों ने उन्हें हाथापाई और धक्कामुक्की कर बाहर निकाल दिया। हाकिम सिंह ने कहा कि स्थानीय नेता की जगह पैराशूट से प्रत्याशी भेजा गया है। कार्यकर्ता क्या, पदाधिकारी ही राजवीर सिंह से परिचित नहीं है। ऐसे में चुनाव कैसे लड़ेंगे।