आगरालीक्स… आगरा में अनुशासित बसपा के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूटने लगा है, जोन कोआॅर्डिनेटर के सामने कार्यकर्ताओं ने कहा पार्टी के दलालों को जूते मारो सालों को, पदाधिकारियों के साथ मारपीट तक की नौबत आ गई। रात को जोन कोआॅर्डिनेटर ने बसपा की जिला और महानगर कमेटी गठित कीं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बसपा के मंडलीय कार्यालय, कालिंदी विहार में दोपहर में जोन कोऑर्डिनेटर शमसुद्दीन राइन, अतर सिंह राव व हेमंत प्रताप सिंह ने बैठक की। उन्हें जिला और महानगर कमेटी के लिए पदाधिकारियों के नाम की घोषणा करनी थी। इसके लिए पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं के नाम मांगे गए। जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के पद के लिए कार्यकर्ताओं ने भारतेंदू वरुण, संतोष आनंद, ओपी बघेल, देवी सिंह, मलखान सिंह व्यास के नाम रखे।
भडक गए कार्यकर्ता लगाए मुर्दाबाद के नारे
प्रमोद रैना को जिलाध्यक्ष बनाए जाने की संस्तुति पर कार्यकर्ता भडक गए, जिला प्रभारी के खिलाफ मुर्दाबाद और दलाल के नारे लगाने लगे। कार्यकर्ताओं ने यहां तक कह दिया कि जोन कोऑर्डिनेटर और जिला प्रभारी दलाली का काम कर रहे हैं, उन्होंने भीम नगरी में जमकर कमाई की। कार्यकर्ताओं से अच्छी तरह से बात तक नहीं करते, कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। धक्का-मुक्की के बाद मारपीट तक की नौबत आ गई। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी को कार्यकर्ताओं के बीच से बाहर निकाला और एक अलग कमरे में बिठा दिया। कार्यकर्ताओं ने जिला और महानगर अध्यक्ष पद चुनने के लिए पर्ची डालने की मांग की, इसे लेकर विवाद बढ़ गया। जोन कोऑर्डिनेटर वहां से चले गए। उन्होंने शाम को बैठक के बाद जिला और महानगर कमेटी घोषित की।
प्रमोद जिलाध्यक्ष और कालीचरन महानगर अध्यक्ष बने
जिला कमेटी में जिलाध्यक्ष प्रमोद रैना, उपाध्यक्ष राम गोपाल बघेल, महासचिव रविंद्र पारस, खजांची डॉ. भोज कुमार शर्मा और सचिव वसीम अकरम को बनाया गया है। महानगर कमेटी में अध्यक्ष कालीचरन प्रजापति, महासचिव संजीव चक, उपाध्यक्ष राजकुमार राठौर, खजांची विमल शर्मा और सचिव राशिद खान को बनाया गया है।
Leave a comment