आगरालीक्स… आगरा में कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, कारोबारी को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। बाइक सवार बदमाश कारोबारी पिता और पुत्र को गोली मारने के बाद फरार हो गए।
आगरा में असोपा हॉस्पिटल के पास गैलाना रोड पर ककरैठा निवासी सुरेश चंद्र पाठक का प्रोविजनल स्टोर है, उनके साथ दुकान पर बेटा मनोज उर्फ मोनू बैठता है। मंगलवार रात 11 बजे बाइक सवार बदमाशों ने दुकान पर बैठे सुरेश चंद्र पाठक और मोनू पर सीधे फायरिंग की, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान बढ़ाने के दौरान चार बाइकों पर आए युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जब तक पिता पुत्र खुद को संभाल पाते दोनों के गोलियां लग चुकी थी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग गए। इसके बाद तमंचा लहराते हुए बाइक सवार बदमाश फरार हो गए।
बेटे की मौत, पिता गंभीर
स्थानीय लोग कारोबारी सुरेशचंद पाठक और उनके पुत्र मनोज पाठक को एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मनोज को म्रत घोषित कर दिया। परिजनों ने गंभीर हालत में सुरेश चंद्र पाठक को पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सहित पुलिस फोर्स एसएन पहुंच गया।
जमीनी विवाद का मामला
एसपी सिटी अनुपम सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र को गोली मारी गई। जिसमें पुत्र की मौत हो गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। कई टीमें लगा दी गई है। घटना के पीछे जमीन विवाद निकल कर आ रहा है। रंगदारी को लेकर भी जांच कराई जा रही है।
युवक की गोली मारकर हत्या
मंगलवार रात 11 बजे नगला पदमा (सदर) में जूता कारीगर नितिन को रात 11:30 बजे रात में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। अंधरे की वजह से हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। जूता कारीगर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी सदर नरेंद्र कुमार का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।