आगरालीक्स… आगरा में एक बडे कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर को मुन्ना भाई तैयार करने के आरोप में सीबीआई ने अरेस्ट कर लिया, उसे न्यू आगरा में कोचिंग से गिरफ्तार कर ग्वालियर ले गई।
मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाले में मुन्ना भाई की जगह इंजीनियरिग, मेडिकल और नौकरी कर रहे युवकों को बिठाया गया था। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है, शुक्रवार को सीबीआइ इंस्पेक्टर एमके पांडेय टीम के साथ भगवान टॉकीज के पास संचालित धर्मेंद्र सर क्लासेज में पहुंचे। यहां से उन्होंने कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर धर्मेंद्र जाट को अरेस्ट कर लिया।
जमानत मिलने के बाद से चला रहा था कोचिंग
व्यापमं घोटाले में अलीगढ़ के इगलास में परता नगला निवासी धर्मेंद्र कुमार जाट वर्ष 2013 में प्रतियोगी परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह पेपर देने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना और आपराधिक साजिश की धारा में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा था। डेढ़ माह बाद जमानत पर रिहा हो गया था। दो साल पहले उसने भगवान टॉकीज चौराहे के पास वर्मा कॉम्प्लेक्स में धर्मेंद्र सर क्लासेज खोल ली थी। सीबीआइ ने धर्मेंद्र को नोटिस देकर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया। उसके बयान लेने के बाद मामले में बिना गिरफ्तारी चार्जशीट लगा दी, वह सीबीआइ की अदालत में पेश नहीं हुआ। ऐसे में आठ नवंबर को सीबीआइ कोर्ट ग्वालियर से धर्मेंद्र के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुए
छात्रों ने किया हंगामा
कोचिंग से धर्मेंद्र जाट को अरेस्ट करते ही छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। वे सीबीआई टीम की गाड़ी के सामने छात्र खड़े हो गए। उन्होंने थाना न्यू आगरा से पुलिस बुला ली, पुलिस ने छात्रों को गाडी के सामने से हटाया, इसके बाद पुलिस उसे अरेस्ट कर ग्वालियर ले गई, उसे ग्वालियर कोर्ट में पेश किया जाएगा।