नईदिल्लीलीक्स… (17 june ) । सीबीएसई की 12वीं बोर्ड की परीक्षा का रिजल्ट आगामी 31 जुलाई को जारी किया जाएगा। केंद्र सरकार ने आज सुप्रीम कोर्ट में 12वीं के अंकों का फार्मूला बता दिया गया है। सरकार द्वारा पेश किए गए हलफनामे में कहा गया है कि 10वीं और 11वीं के नंबरों पर 30-30 फीसदी वेटेज होगा, जबकि 12वीं प्री-बोर्ड के नंबर से 40 फीसदी वेटेज मिलेगा।
सीबीएसई के मुताबिक 10वीं के 5 विषय में से 3 विषय के सबसे अच्छे नंबरों को लिया जाएगा। इसी तरह 11वीं के पांच विषयों का एवरेज लिया जाएगा और 12 प्री बोर्ड परीक्षा और प्रेक्टिकल के नंबरों को लिया जाएगा। 11वीं के नंबर का 30 फीसदी और 12वीं प्री बोर्ड के नंबर का 40 फीसदी के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा।
सीबीएसई ने सुप्रीम कोर्ट में स्पष्ट किया कि परिणाम समिति ने परीक्षा की विश्वसनीयता के आधार पर वेटेज देने का फैसला किया है। रिजल्ट कमेटी छात्रों के पिछले तीन वर्षों के अंकों को आंकने के बाद रिजल्ट तैयार करेगी। रिजल्ट कमेटी में स्कूल के दो वरिष्ठतम शिक्षक और पड़ोसी स्कूल के शिक्षक शामिल रहेंगे, जो यह देखेंगे कि स्कूल ने बढ़ा-चढ़ाकर नंबर तो नहीं दिए हैं।