आगरालीक्स… आगरा में धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई है, अंधड से दहशत में लोगों के कदम थम गए हैं, मौसम विभाग का अनुमान है कि आगरा में मानसून की बारिश जून के अंतिम सप्ताह में आएगी।
सोमवार सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर एक बजे से मौसम का मिजाज बदलता चला गया। कुछ ही देर में धूल भरी आंधी चलने लगी, आंधी की स्पीड तेज होने से शहर से लेकर देहात में लोग दहशत में आ गए। दोपहर ढाई बजे शहर के कुछ हिस्से में बूंदाबांदी शुरू हो गई है।
आईएमडी का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का आगरा के लिए पूर्वानुमान है कि नौ और 10 जून को बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी हो सकती है। मगर 11 जून के बाद आसमान साफ हो जाएगा। वहीं, अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इससे लोग उमस और गर्मी से बेहाल रहेंगे।
जून के अंतिम सप्ताह में मानसून
हर साल 15 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे देता है, बंगाल की खाडी से उठा मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश करते हुए राजस्थान की तरफ चला जाता है। वहीं, जून के अंतिम सप्ताह में जम्मू कश्मीर से मानसून की बारिश शुरू होती है और जून के अंतिम सप्ताह तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा, अलीगढ सहित अन्य मंडलों में बारिश होती है। इस बार बारिश सामान्य रहेगी।
आंधी और तूफान से 80 की हो चुकी है मौत
2018 में 11 अप्रैल, दो मई और उसके बाद 10 मई को आई आंधी में 80 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे आंधी से लोग दहशत में हैं। 11 अप्रैल को 130 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आंधी आई थी और 20 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद दो मई को 132 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आई आंधी में 50 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। वहीं 10 मई को 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से आई आंधी में 4 लोगों की मौत हो गई। आगरा में आंधी से अभी तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है।