आगरालीक्स… आगरा में बेखौफ होकर गैंगस्टर ने बिजली विभाग के एसडीओ कार्यालय में लूट की थी, पुलिस ने आरोपी को पकड लिया है, उसके पास से 48 हजार रुपये जब्त किए गए हैं। उसके साथियों की तलाश की जा रही है, बिजली विभाग द्वारा चलाई जा रही ओटीएस स्कीम के कारण ज्यादा बिल जमा हो रहा था, इसे देख गैंगस्टर ने लूट की वारदात को अपने साथियों के साथ अंजाम दिया।
आगरा के कागरौल में बिजली विभाग के एसडीओ कार्यालय में सोमवार शाम चार बजे दो बाइक पर सवार बदमाशों ने लूट की थी, बदमाश एसडीओ कार्यालय में दो जेई और कर्मचारियों को तमंचों के बल पर बंधक बनाकर 3.32 लाख रुपये लूटकर ले गए थे।
पुलिस के मुताबिक घटना को अंजाम देने वाला अशफाक कागारौल थाने से गैंगस्टर में फरार चल रहा था। उसने पिछले साल कस्बे के कारोबारी शिव कुमार गुप्ता के घर में भी डकैती डाली थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। वह कुछ महीने पहले ही बाहर आया है।
रेकी के बाद की लूट
अशफाक ने पूछताछ में बताया कि विद्युत विभाग के शिविरों में राजस्व की अच्छी वसूली होने की जानकारी उसे मिली थी। इसके बाद से वह तीन दिन से एसडीओ कार्यालय की रेकी कर रहा था। लूट के लिए उसने किरावली के मुंगेरी को शामिल किया था। घटना में शामिल बाकी बदमाशों को भी वही लेकर आया था। एसओ रवि त्यागी ने बताया आरोपी अशफाक के कब्जे से लूटे गए 48 हजार रुपये और तमंचा बरामद किया है। उसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है।
Leave a comment