आगरालीक्स… आगरा में जिला पंचायत सदस्य की फेसबुक से युवती से दोस्ती हो गई, मोबाइल पर बात के बाद मिलने के लिए तैयार हो गए, वह युवती से मिला, युवती ने उसका कैश से भरा बैग पार कर दिया और गायब हो गई। दो दिन से युवती की तलाश में भटक रहे जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
गोमती नगर निवासी जिला पंचायत सदस्य रामेंद्र प्रजापति की मुलाकात छह महीने पहले एत्माद्दौला के शाहदरा क्षेत्र निवासी संध्या नाम की महिला से फेसबुक पर हुई। रामेंद्र ने पुलिस को बताया वह एक दूसरे का मोबाइल नंबर लेकर बातचीत करने लगे। संध्या ने बताया कि वह तलाकशुदा और एक बच्चे की मां है।
मिलने के लिए बुलाया और बैग लेकर हुई गायब
जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि संध्या ने उसे सात अक्टूबर को उन्हें मुलाकात करने के बहाने आगरा बुलाया। यहां उसके साथ एक रेस्टोरेंट में खाना खाया। इसके बाद वह कुछ कपड़े खरीदने की कहकर उनको ट्रांस यमुना कॉलोनी में एक शोरूम पर लेकर गई। इसी दौरान उनको चकमा देकर कार में रखा बैग लेकर भाग गई। उसमें 18 हजार रुपये, जरूरी कागजात और कपड़े थे। वह दो दिन उसे तलाशते रहे, वह मोबाइल पर बात करके बहाने बनाती रही।अपना पता नहीं दिया। मंगलवार रात को थाने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य ने महिला के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर कमलेश सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है।