आगरालीक्स ..आगरा रीजन में सपा की फैमिली मिक्सिंग सेरेमनी हुई, प्रो राम गोपाल यादव अपने 72 वें जन्मदिन पर बोले नेताजी लंबे समय तक पार्टी का मार्गदर्शन करें, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि रामगोपाल ने काफी सम्मान पाया है। कामना करते है कि वे और सम्मान पाएं। शुक्रवार को फीरोजाबाद के रामलीला मैदान में आयोजित 72 वें जन्मदिन समारोह में पूर्व मंत्री शिवपाल यादव भी शामिल हुए।
शुक्रवार को प्रो राम गोपाल यादव के 72 वें जन्मदिन पर मुलायम सिंह की मौजूदगी में केक काटा गया, प्रो राम गोपाल यादव ने कहा कि मैं जो भी हूँ नेता जी मुलायम सिंह यादव की वजह से हूं, नेताजी की सोच अलग है, नेता जी की नीतियों को जिन जिन राज्यों ने अपनाया वहां तरक्की हुई। प्रदेश और देश की सरकार कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी की लहर में जब सब बह गए थे तब फीरोजाबाद में सपा जीती थी। उन्होंने कहा कि सभी लोग नेता जी अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें ताकि नेताजी के मार्गदर्शन में 2019 में पार्टी देश में बदलाव लाए। मैं भी कामना करता हूँ कि नेताजी लंबे समय तक पार्टी का मार्गदर्शन करें।
हम सब लोगों को लेकर चलते हैं
सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि हमारी पार्टी की नीति से सभी को साथ लेकर चलना,सपा का शानदार इतिहास है। हमने गरीबों अमीरों की खाई कम की। किसानों के लिए काम किया, ऐसी नीति रही है कि सब पढ़े लिखे सबको रोजगार मिले। व्यापारियों को सुरक्षा मिले। उन्होंने कह कि प्रो रामगोपाल ने काफी सम्मान पाया है। कामना करते है कि वे और सम्मान पाएं।
पूर्व मंत्री शिवपाल बोले नहीं मिला सम्मान
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शिवपाल ने कहा कि पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने के लिए बहुत मेहनत की लेकिन पार्टी की सरकार बनने के बाद वह सम्मान नहीं मिला। यही कारण है कि आज पार्टी की अच्छी स्थिति नहीं है।