आगरालीक्स …..आगरा की फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट हॉट हो गई है, भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस से राजबब्बर के चुनाव लड़ने के बाद बसपा ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं। इस सीट पर प्रचार और विरोध दोनों शुरू हो गए हैं।
आगरा की फतेहपुर सीकरी सीट 2009 में अस्तित्व में आई, इस सीट पर पहला चुनाव बसपा ने जीता इसके बाद 2014 और 2019 में भाजपा ने जीत दर्ज की। 2024 के चुनाव के लिए भाजपा ने राजकुमार चाहर को प्रत्याशी बनाया है, इस सीट पर कांग्रेस से राजबब्बर चुनाव लड़ सकते हैं। इन दोनों के चुनाव लड़ने से बसपा अपने वोट बैंक के साथ ऐसे प्रत्याशी को उतारना चाह रही है जिससे 2009 की जीत की तरह इस बार भी जीत दर्ज की जा सके।
शक्ति प्रदर्शन हुआ शुरू
फतेहपुर सीकरी सीट पर सबसे पहले भाजपा ने वर्तमान सांसद राजकुमार चाहर को प्रत्याशी घोषित किया है। इस सीट पर भाजपा से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा विधायक और इस सीट पर भाजपा से सांसद रह चुके चौधरी बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी दावेदारी कर रहे थे। टिकट न मिलने पर उन्होंने शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही बसपा से भाजपा में गए उमेश सेंथिया ने भी अपने समर्थकों के साथ बैठक की। वहीं, भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने प्रचार शुरू कर दिया है।