आगरालीक्स…आगरा में गठबंधन से बसपा प्रत्याशी गुडडू पंडित पर एक और मुकदमा दर्ज किया गया है, इस बार भाजपा नेता पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह को अपशब्द कहने का वीडियो वायरल होने पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
फतेहपुर सीकरी सीट से सपा बसपा रालोद गठबंधन से बसपा प्रत्याशी श्री भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित का पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह को अपशब्द कहने का वीडियो वायरल हो गया है। इसको लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और पूर्व मंत्री समर्थकों ने शुक्रवार को थाना पिनाहट में तहरीर दी है।
एसओ पिनाहट ज्ञानेंद्र सोलंकी का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर गुड्डू पंडित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह का मीडिया से कहना है कि वीडियो देखा है, जिसमें अपशब्द कहे जा रहे हैं। सीओ से बात हुई है, आचार संहिता का उल्लंघन है तो मामला दर्ज होना चाहिए। समर्थकों ने तहरीर भी दी है। कोई सुनवाई नहीं हुई तो चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे।
एडीएम सिटी ने गठबंधन प्रत्याशी सहित दो को दिया नोटिस
गठबंधन प्रत्याशी मनोज सोनी और सपा नेता राहुल चतुर्वेदी ने एक सामाजिक कार्यक्रम में वोट मांगे। इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं थी। मामले की शिकायत हुई थी, जिस पर एडीएम सिटी केपी सिंह ने दोनों को नोटिस जारी कर दिया है। गठबंधन प्रत्याशी मनोज सोनी पर पूर्व में भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन के दो मामले दर्ज हो चुके हैं।