आगरालीक्स ..आगरा में इलाज के दौरान कारोबारी की मौत पर दो डॉक्टर, नर्स सहित पांच पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
शनिवार शाम को बेलनगंज निवासी तेल कारोबारी अनिल उपाध्याय की तबीयत बिगडने पर परिजनों ने रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उन्हें हार्ट की समस्या हुई थी, मृतक के भाई सुधीर उपाध्याय का आरोप है कि ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीत गर्ग ने इलाज नहीं किया, उन्होंने अपने जूनियर से इलाज के लिए कह दिया, इलाज के दौरान ओटी टेबल पर तेल कारोबारी की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने रेनबो हॉस्पिटल में जमकर हंगामा किया, पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
पोस्टमार्टम के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने तेल कारोबारी के शव का पोस्टमार्टम कराया, इसके बाद परिजनों की तहरीर पर
थाना सिकंदरा पुलिस ने रविवार को पांचों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
थाना सिकंदरा पुलिस ने बताया कि रेनबो सोना कार्डियक सेंटर के डॉ. विनीत गर्ग, डॉ जितेंद्र श्रीवास्तव, नर्स शिवानी, गजेंद्र तिवारी और मदन पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। रेनबो हॉस्पिटल के मैनेजर राकेश आहूजा का कहना है कि मरीज की हालत गंभीर थी, उसके इलाज में कोई लापरवाही नहीं की गई है, सभी जांच रिपार्ट हैं, इसके आधार पर विशेषज्ञ से जांच कराई जा सकती है।