फिरोजाबादलीक्स…खौफनाक, प्रेमी—प्रेमिका ने कमरा बंद कर खुद को लगा ली आग. प्रेमिका की मौत, प्रेमी की हालत गंभीर.
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में खौफनाक घटना सामने आई है. यहां प्रेमी और प्रेमिका ने एक दूसरे को मकान की किचन में बंद कर खुद को आग लगा ली. घटना में प्रेमिका की मौत हो गई जबकि प्रेमी की हालत गंभीर है और उसका इलाज आगरा में चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.घटना शिकोहाबाद के मोहल्ला गढ़ैया की है. यहां रहने वाली 18 साल की खुशी का मोहब्बतपुर अहीर निवासी 19 साल के अरुण के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध थे. खुशी के पिता का कुछ समय पहले निधन हो चुका था और वह अपनी मां और 12 साल के छोटे भाई के साथ शिकोहाबाद में रहती थी. तीन दिन पहले खुशी अपनी मां व भाई के साथ अपनी ननिहाल मैनपुरी चली गई थी.
पुलिस के अनुसार खुशी कपड़े खरीदने के बहाने मैनपुरी से शिकोहाबाद आ गई. शुक्रवार रात करीब 10 बजे खुशी अपने प्रेमी अरुण के साथ शिकोहाबाद अपने घर आई. इसके बाद रात लगभग 11 बजे दोनों ने मकान के किचन में खुद को आग लगा ली. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया. गंभीर हालत में उन्हें आगरा रेफर किया गया. उपचार के दौरान खुशी ने दम तोड़ दिया जबकि अरुण का इलाज जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.