आगरालीक्स आगरा में कुछ घंटे बाद प्रचार थम जाएगा, 18 अप्रैल को मतदान होना है, प्रत्याशी प्रचार नहीं कर सकेंगे, शराब के ठेके और बीयर बार बंद हो जाएंगे। डीएम एनजी रवि कुमार का मीडिया से कहना है कि दोनों लोकसभा सीट पर मंगलवार शाम छह बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। न कोई रैली होगी और न ही कोई भी प्रत्याशी जुलूस निकाल सकेगा। 17 अप्रैल को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
आगरा की आगरा सुरक्षित और फतेहपुर सीकरी सीट पर 24 प्रत्याशी हैं, आगरा लोकसभा सीट में नौ और फतेहपुरसीकरी में 15 प्रत्याशी शामिल हैं। 18 अप्रैल की सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 17 अप्रैल की सुबह छह बजे सभी मतदान कार्मिकों को फीरोजाबाद रोड पर स्थित मंडी समिति पर पहुंचना होगा। दोपहर बाद 3778 पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू होगी। रात तक सभी पार्टियां बूथों पर पहुंच जाएंगी। मंडी समिति में 45 हजार के करीब कर्मचारी जुटेंगे। जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बिना पास के किसी को भी एंट्री नहीं मिलेगी। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही है।
मोबाइल पर रोक
बूथ से सौ मीटर की दूरी पर कोई भी व्यक्ति मोबाइल लेकर नहीं जा सकेगा। न ही प्रचार प्रसार किया जाएगा। ऐसे व्यक्ति को बिना वारंट के गिरफ्तार किया जा सकता है। बूथ से दो सौ मीटर की दूरी पर सभी दल बस्ते लगा सकेंगे। जहां एक मेज और दो कुर्सियां लगाने की अनुमति रहेगी। एडीएम प्रशासन निधि श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस लाइन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की संयुक्त बैठक होगी। वहीं रात को सेंट जोंस कन्या इंटर कॉलेज में मजिस्ट्रेटों का दोबारा प्रशिक्षण दिया। प्रशासनिक अफसरों ने चुनाव संबंधी सवाल पूछे।
लोकसभा चुनाव-2019 एक नजर में
चुनाव के मद्देनजर जिले को 75 जोन और 411 सेक्टर में बांटा गया है।
दोनों लोकसभा सीटों में 33.50 लाख वोटर हैं। 19 लाख पुरुष और 15 लाख महिला वोटर हैं। 16 हजार दिव्यांग वोटर हैं। दस हजार सर्विस वोटर हैं।
जिले में 3778 बूथ हैं। सबसे अधिक एत्मादपुर विस क्षेत्र में 472 और सबसे कम फतेहाबाद विस क्षेत्र में 361 बूथ हैं।
चुनाव में 21 हजार मतदान कार्मिक लगे हुए हैं। 17 हजार पुरुष और चार हजार महिला कर्मचारी शामिल हैं।
जिले में 380 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की जाएगी।
प्रत्येक विधानसभा में एक सखी बूथ होगा जिसमें महिला पीठासीन अधिकारी सहित अन्य होंगी।
जिले में तीन सौ मॉडल बूथ बनाए जाएंगे।