मथुरालीक्स..बड़ा हादसा, स्कूल बस और ट्रैक्टर ट्रॉली में जोरदार टक्कर. दो की मौत, कई घायल
आगरा मंडल के मथुरा जिले में शुक्रवार दोपहर को बड़ा हादसा हुआ है. दोपहर में छुट्टी के बाद जा रही स्कूली बस की ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली सवार दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो दर्जन लोग घायल हुए हैं. सूचना पर पुलिस पहुंच गई. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.गमी में शामिल होने जा रही थी महिलाएं
राजस्थान के गांव अधैयया खुर्द में प्रताप सिंह रहते हैं. इनकी अलीगढ़ के हरदपुर में रिश्तेदारी है. गुरुवार रात को इनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई. खबर मिलने पर आज शुक्रवार दोपहर प्रताप सिंह अपने परिवार के करीब दो दर्जन लोगों के साथ अलीगढ़ के लिए निकले थे. सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से जा रहे थे. दोपहर में राया—अलीगढ़ रोड स्थित बिरहना गांव के पास पीछे से आ रही एक स्कूल बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी. इससे ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और पुलिस भी आ गई. ट्रॉली उठवाकर उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा. अस्पताल में दो महिलाएं शशि व रजनी की मौत हो गई. वहीं दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं.
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंच गए. उन्होंने बताया कि हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. स्कूली बस में सवार बच्चे सुरक्षित हैं. मामले की जांच की जा रही है.