आगरालीक्स…मथुरा, वृंदावन के रज—रज में हैं बांके बिहारी जी के दर्शन. सीएम योगी बोले—इस्कॉन कैंपस में मुझे आज आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है…
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज अपने मथुरा दौरे के दूसरे दिन श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर पूजा अर्चना के साथ शुरुआत की और इसके बाद वे मथुरा स्थित इस्कॉन कैंपस में पहुंचे. यहां सीएम योगी ने कहा कि जनपद मथुरा स्थित इस्कॉन कैंपस में मुझे आज आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, मैं इसके लिए सबसे पहले यहां के चेयरमैन समेत अन्य लोगों का आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि इस्कॉन वृंदावन के अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम को इस आयोजन के लिए भी हृदय से धन्यवाद देता हूं.

सीएम ने कहा कि स्वामी प्रभुपाद महाराज जी ने अपने समय में दुनिया में 108 से अधिक मंदिर बनवाए। आज पूरी दुनिया में सैकड़ों की संख्या में अन्य मंदिरों की स्थापना के साथ ही श्रीकृष्ण की भक्ति एवं ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य हो रहा है। भगवान श्रीकृष्ण जिनकी लीलाओं से पूरा मथुरा व वृंदावन क्षेत्र 5,000 वर्ष के बाद भी उसी श्रद्धा के साथ जुड़ा हुआ है, यहां के रज-रज में बांके बिहारी श्रीकृष्ण जी के दर्शन होते हैं। यहां आज भगवान श्रीकृष्ण और दाऊ की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ है। साथ ही साथ गोसेवा के लिए दुग्ध प्रसंस्करण केंद्र का उद्घाटन हुआ है। इसके लिए मैं हृदय से इस्कॉन को बधाई देता हूं।