मथुरालीक्स…लव मैरिज की सजा ‘मौत’. पत्नी के भाइयों ने इतनी बेरहमी से युवक को पीटा कि उसकी जान निकल गई. चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह..
आगरा मंडल के मथुरा जिले से सनसनीखेज घटना सामने आ्ई है. लव मैरिज से नाराज युवती के परिजनों ने युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी अस्पताल में मौत हो गई. युवक ने चार महीने पहले ही लव मैरिज की थी जिससे युवती के परिजन खफा थे. दोनों परिवारों के बीच भी विवाद चल रहा था. इसके बाद यह खूनी खेल खेला गया.
चार महीने पहले की थी कोर्ट मैरिज
पुलिस के अनुसार थाना जमुनापार के गौसना में रहने वाले बंटी ने मई 2026 में थाना जैत क्षेत्र के कुंज नगर में रहने वाली संजना से कोर्ट मैरिज की थी. शादी के बाद बंटी जैत क्षेत्र में ही रह रहा था और अपने भाई के साथ एक होटल में काम कर रहा था. इस शादी को लेकर दोनों परिवारों में भी विवाद चल रहा था. आरोप है कि 21 सितंबर को संजना के भाई महेंद्र और अन्य लोग छटीकरा स्थित उस होटल में पहुंचे जहां बंटी और उसका भाई शंकर काम करते थे. ये लोग दोनों को अपने साथ ले गए और आरोप है कि रास्ते में दोनों भाइयों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और इसके बाद सुरीर क्षेत्र में छोड़ दिया गया.
अस्पताल में बंटी की हुई मौत
मारपीट के बाद बंटी और शंकर ई रिक्शा से अपने घर किसी तरह पहुंचे. घर आने पर बंटी की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी और परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. बंटी की मां शीला ने थाने में तहरीर दी है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. इसमें महेंद्र सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अन्य नामजदों की भी जांच कर रही है.