आगरालीक्स …आगरा में जैन मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियों को चोरी कर बदमाश भाग रहे थे। वहीं, कैनरा बैंक से कैश लेकर बाहर आते ही कैश लूट लिया, इन दोनों वारदात के बाद पब्लिक और पुलिस ने बदमाश पकड लिए।
शनिवार को रकाबगंज क्षेत्र में जैन मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियों को बदमाशों ने चुरा लिया, उन्हें दो बोरो में भर लिया, मूर्तियों के साथ कैश भी था। बदमाश मूर्तियां लेकर जा रहे थे, चीता मोबाइल को शक हुआ । उन्होंने बदमाशों को रोक लिया, पूछताछ करने पर वे भागने लगे, इस पर चीता पुलिस कर्मियों ने बदमाशों को दबोच लिया। बोरियों को खोला गया तो होश उड गए, बोरों में अष्टधातु की मूर्तियां थीं। इन्हें बदमाशों ने रकाबगंज क्षेत्र के जैन मंदिर से चुराया था। पुलिस पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम फारुख बताया है, वह पटना का रहने वाला है। उसका साथी फरार है, पुलिस छानबीन कर रही है।
कैश लूटकर भागते बदमाश को पब्लिक ने पकडा
आगरा के सदर क्षेत्र में स्थित कैनरा बैंक से कैश निकालकर युवक बाहर निकला, उनके पास 40 हजार कैश थे। कैश के बैग को छीनकर बदमाश भागने लगे। इस पर उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाश के पीछे दौड लगा दी। स्थानीय लोगों ने भी बदमाशों का पीछा किया और बैंक से कुछ दूर पर बदमाश को पब्लिक ने पकड लिया। उसकी जमकर धुनाई लगाई, कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई, पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है। उसका एक साथी फरार है।
पर्स लूटा, महिलाओं को आई चोट
शुक्रवार को दोपहर एक बजे मलपुरा निवासी कृष्णा अपने पति के साथ बोदला में भुजरियों मेला देखने आई थीं। वापस लौटते समय बदमाशों ने पर्स पर झपटटा मारा, वे बाइक से गिर गईं। हाथ, पैर और चेहरे पर चोट आई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन 20 मिनट तक पुलिस नहीं पहुंचने पर कपिल पत्नी को अस्पताल लेकर चला गया। दो बजे शास्त्रीपुरम निवासी अवंतिका दुबे पैदल अपने घर लौट रही थीं। वह ब्राइटलैंड स्कूल में शिक्षिका हैं। पॉवर हाउस के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर पर्स लूटा। वह सड़क पर गिर पड़ीं। पैर और हाथ छिल गए। बदमाश भाग गए। सूचना दी मगर पुलिस नहीं आई।
Leave a comment