आगरालीक्स ..आगरा में प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव 75 मरीजों की मौत हो चुकी है, इन मौतों का रैंडम आडिट होगा, किस डॉक्टर ने इलाज किया, क्या जान बच सकती थी, इसका पता लगाया जाएगा।
आगरा में कोरोना पॉजिटिव 75 मरीजों की मौत हो चुकी है, जून में अभी तक 33 मौतें रिपोर्ट की जा चुकी हैं, मौत का आंकडा लगातार बढ रहा है, प्रदेश में भी सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत आगरा में दर्ज की गई हैं।
मौत का आडिट
कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत की रोकथाम और मौत क्यों हुई, यह जानने के लिए शासन से भेजे गए नोडल अधिकारी एम देवराज ने मौतों का आडिट करने के निर्देश दिए हैं। 75 में से 10 मौतों का आडिट किया जाएगा। विशेषज्ञों की टीम स्टडी करेगी, इन मरीजों की फाइल केा देखा जाएगा, जिससे यह पता चल सके कि मौत किस कारण से हुई, क्या मरीज की जान बचाई जा सकती थी।
इलाज करने वाले डॉक्टर से सवाल जवाब
इस मामले में इलाज करने वाले डॉक्टर से भी सवाल जवाब किए जाएंगे, उनसे पूछा जाएगा कि क्या इलाज किया गया, क्या इलाज की अन्य गाइडलाइन को फॉलो किया गया कि नहीं, इन सवालों के जवाब और मरीज की फाइल से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट को शासन को भेजा जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज के लिए गाइड लाइन तैयार हो सके।