आगरालीक्स… आगरा में तेज स्पीड स्कूल वैन बिजली के खंभे से टकराने पर वैन ड्राइवर के खिलापफ मुकदमा, पुलिस ने ड्राइवर को किया अरेस्ट, हादसे में सेंट कॉनरेडस स्कूल के बच्चे हो गए थे घायल।
शीत लहर के बाद गुरुवार से शहर के स्कूल खुल गए, गुरुवार को सेंट कॉनरेडस के नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों के लिए स्कूल खुलने का समय 10 बजे था, पहली से कक्षा 12 तक के छात्रों को नौ बजे बुलाया गया था। नर्सरी और यूकेजी के बच्चों को लेकर सुबह 9 45 बजे वैन केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड से जा रही थी, यहां सडक पर एक बिजली का खंभा है।
बिजली के खंभे में टकराई वैन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन अनियंत्रित हो गई, सामने से कार आ रही थी। उसे बचाने में वैन बिजली के खंभे से जा भिडी, तेज आवाज के साथ वैन में बैठे बच्चों के सिर टकरा गए।
चीख पुकार मचने पर बच्चों को निकाला बाहर
हादसे के बाद चीख पुकार मचने पर स्थानीय लोग और पुलिस कर्मी पहुंच गए। वैन में पीछे बैठे चार बच्चों के मुंह और सिर में चोट आई है, उन्हें पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हादसे के बाद बच्चे दहशत में रोने लगे, पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें शांत कराया।
फोन कर बुलाए परिजन
पुलिस कर्मियों ने बच्चों के घर फोन कर उनके परिजनों को बुला लिया, बच्चों को परिजनों के साथ भेज दिया। कुछ बच्चों के परिजन नहीं आ सके, उन बच्चों को पुलिस कर्मी खंदारी चौकी पर ले आए, उन्हें शांत कराया। परिजनों के आने के बाद बच्चों को घर भेजा गया।
ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा
हादसे के बाद वैन ड्राइवर भाग खडा हुआ था, वैन सवार छात्र अभिप्राय के पिता की तहरीर पर ड्राइवर हरि मोहन के खिलाफ लापरवाही से गाडी चलाने पर मुकदमा दर्ज किया गया है।