
पुरस्कार जीतने के बाद शाहरुख खान ने कहा, ‘मैं यह सम्मान पाकर बहुत खुश हूं। एशिया में बहुत सी प्रतिभाएं और बहुत से विजेता हैं। मैं अलग अलग क्षेत्रों में बराबर जोश के साथ जुटे लोगों के इस शानदार समारोह का हिस्सा बनकर खुशी अनुभव कर रहा हूं।’ उद्योगपति पॉल सागू द्वारा स्थापित एशियन पुरस्कार एशिया में जन्मे या एशियाई मूल से सीधे तौर पर संबंध रखने वाले लोगों को व्यापार, कला से लेकर खेल और जनसेवा तक के क्षेत्रों उल्लेखनीय योगदान के लिए हर साल प्रदान किया जाता है।
फैशन आइकन गोक वान की मेजबानी में हुए सम्मान समारोह में कई अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त हस्तियां, राजनेता और उद्योगपति उपस्थित रहे। शाहरुख के अलावा वन डायरेक्शन बैंड के पूर्व गायक जायन मलिक को संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। इनके अतिरिक्त श्रीलंकाई क्रिकेट खिलाड़ी कुमार संगकारा को खेल और तेजिंदर सिंह वरदी को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कॉमेडियन संजीव भास्कर को टीवी क्षेत्र में योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
Leave a comment