आगरालीक्स… आगरा में आसमान से बरस रही आफत की बारिश तबाही मचा रही है, नाले में दो युवक डूब गए, मकान गिरने से मलबे में दबी चार साल की मासूम और दीवार के नीचे दबने से किसान की मौत हो गई। हॉस्पिटल रोड पर सिंधी मार्केट ढह गई, शहर में जगह जगह जलभराव से हालत बिगड गए हैं।
मार्केट हुई ध्वस्त, करोडों का नुकसान
रात से हो रही बारिश से राजेंद्र मार्केट, सिंधी मार्केट हॉस्पिटल रोड ध्वस्त हो गई, रात में बिल्डिंग ध्वस्त होने से बडा हादसा टल गया। शहर में जगह जगह मार्केट ध्वस्त होने के साथ ही मकान ढह गए हैं। बारिश से लोग घरों में कैद हैं।
4 की मौत, मासूम मलबे में दबी

रात भर हुई बारिश से आगरा के मलपुरा में धनौली के अजीजपुर गांव में संजय का मकान ढह गया, मलबे में चार साल की बेटी डॉली के साथ परिवार के पांच सदस्य दब गए, उन्हें बाहर निकाल लिया गया, डॉली को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया गया लेकिन जान नहीं बच सकी। एत्मादपुर के नगला काले में 48 साल के लक्ष्मण खेत पर सो रहे थे, रात में हुई बारिश से मिटटी की दीवार लक्ष्मण सिंह पर भरभरा कर गिर गई। हादसे में लक्ष्मण सिंह की मौत हो गई है। एत्मादपुर के बरहन रोड स्थित गांव गढी महासिंह के पास केसरी कोल्ड के पास गहरे गड्ढे में डूबने से गांव रसूलपुर निवासी22 बर्षीय नितिन पुत्र प्रमोद व रामकोशल पुत्र शंकरलाल की मौत।
स्कूल से आने लगे रेनी डे के मैसेज
बारिश में सुबह सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों के परिजनों को हुई। कई स्कूलों में टेस्ट चल रहे हैं, परिजनों ने बच्चों को सुबह ही तैयार कर दिया और स्कूल से रेनी डे का मैसेज आने और वैन चालक के आने का इंतजार करते रहे। कुछ स्कूलों में रेनी डे कर दिया गया, तमाम स्कूलों के बच्चों को लेने के लिए वैन नहीं आई। इससे परिजन परेशान रहे, वे फोन कर एक दूसरे से स्कूल की छुटटी को लेकर पूछते रहे। सात बजे तक सडकों पर सन्नाटा पसरा रहा, एक दो स्कूल वैन ही दिखाई दी। कुछ परिजन अपने बच्चों को अपनी गाडी से ही छोडने स्कूल चले गए।