आगरालीक्स.. आगरा में स्वस्थ्य जिंदगी मस्त जिंदगी का संदेश दिया गया। कहा कि सपना देखने की कोई उम्र नहीं होती उन्हें सच करने के लिए स्वस्थ रहना जरूरी है।
समाजसेवा, उत्थान और जरूतमंदों के लिए हर संभव प्रयास के संकल्प के साथ कल्याणकारी महिला समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

माल रोड स्थित होटल क्लार्क्सशीराज में गुरूवार को कल्याणकारी महिला समिति का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। मुख्य अतिथि भाजपा विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने कहा कि कल्याणकारी महिला समिति की आगरा में सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर साझेदारी रहती है। यह प्रशंसनीय है। पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने समिति के विगत एक वर्ष के कार्यकाल पर प्रकाश डाला। कहा कि वर्ष 2018 से 19 में संस्था ने हर वह संभव प्रयास किया, जिससे गरीबों-जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाई जा सकती है। केरल में बाढ़ पीड़ितों को मदद पहुंचाने से लेकर कन्या महाविद्यालय में शौचालय बनवाना, महिलाओं को जीवनयापन एवं अपने हस्तकौशल का प्रदर्शन करने के लिए हस्तशिल्प मेले द्वारा मंच प्रदान करना, महिलाओं के लिए ब्रेस्ट स्क्रीनिंग, महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगवाना, धार्मिक स्थल पर पीने के शीतल जल की व्यवस्था कराना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में बढ़चढ़ कर भागीदारी करना आदि संस्था द्वारा किए गए कुछ प्रमुख कार्य रहे।
इस अवसर पर सन्तोष गर्ग, विमला आसोपा आदि मंचस्थ थे।
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल
ये है नई कार्यकारिणी
इसके बाद नई कार्यकारिणी में संध्या खंडेलवाल को अध्यक्ष, सुषमा अग्रवाल को सचिव और सविता पालीवाल को कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई गई। समिति में मधु झा को सह सचिव, भावना अग्रवाल, डॉ पारुल अग्रवाल और रीना गर्ग को उपाध्यक्ष समेत गायत्री गोयल, निशि गर्ग, रेणु जैन को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सपनों की कोई उम्र नहीं होती
मिसेज इंडिया काॅन्टेस्ट में फर्स्ट रनरअप मिसेज पाॅप्युलर खिताब जीतने वालीं डाइटीशियन पायल सेठ
नई दिल्ली में आयोजित मिसेज इंडिया काॅन्टेस्ट में फर्स्ट रनरअप एवं मिसेज पाॅप्युलर खिताब जीतने वालीं आगरा कीं डाइटीशियन पायल सेठ ने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें इसके लिए लगातार प्रयास करने भी चाहिए। सपना देखने की कोई उम्र नहीं होती लेकिन, उन्हें स्वस्थ रहकर ही सच किया जा सकता है। इसलिए अच्छा खान-पान बहुत जरूरी है। विशेषकर महिलाओं के लिए क्योंकि वे पूरे परिवार की धुरी होती हैं।
स्वस्थ जिंदगी-मस्त जिंदगी
समारोह के अंतर्गत माइक्रोग्रीन्स पर कार्यशाला हुई। मुख्य वक्ता गुरमेट क्लब कीं ऋचा रली ने छोटे-छोटे प्रयासों से घर में सलाद उगाने और हैल्दी रहने के टिप्स दिए। बताया कि आप घर में एक बगीचा बना सकते हैं जहां तुलसी, धनिया, खीरा, ककड़ी, सौंफ, मैथी, पुदीना, टमाटर जैसे सेहत और औषधीय गुणों से युक्त पौधे लगा सकते हैं। चाहें तो आप इस तरह के पौधों को अपनी जरूरत के अनुरूप लगा सकते हैं।