आगरालीक्स… आगरा में पॉलीथिन के खिलाफ सबसे बडी कार्रवाई, ट्रांसपोर्ट कंपनियों से 6900 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की गई हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।
शुक्रवार को एडीएम सिटी केपी सिंह और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश के नेतृत्व में टीम जीवनी मंडी क्षेत्र स्थित जयपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम पर छापा मारा। यहां तीन कुंतल पॉलीथिन मिली। टीम को फ्रीगंज में जयपुर गोल्डन के दूसरे गोदाम पर भी पॉलीथिन का जखीरा होने की जानकारी मिली। टीम ने फ्रीगंज गोदाम से काले रंग की पॉलीथिन की थैलियां सहित 6900 किलो पॉलीथिन जब्त की गईं।इन्हें दो ट्रकों में भरकर थाना हरीपर्वत में भिजवाया गया। हरीपर्वत पुलिस ने फ्रीगंज गोदाम से मैनेजर नवल किशोर को हिरासत में लिया है। कंपनी के कर्मियों ने बताया कि पॉलीथिन गुरूवार को आयी थी,इसे किसी कारोबारी ने मंगाया था। मंगाने वाले कारोबारी के बारे में पुलिस मैनेजर से पूछताछ कर रही है।