आगरालीक्स …..आगरा का कारोबारी अपनी पत्नी के रात में देर से घर लौटने से परेशान है। अपार्टमेंट छोड़ होटल में रह रहे कारोबारी ने पत्नी के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी , चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
आगरा के एक अपार्टमेंट में कारोबारी पत्नी, 21 साल के बेटे और बेटी के साथ रहते हैं। बेटी अभी घर पर नहीं है वह बाहर से पढ़ाई कर रही है। कारोबारी का नमक की मंडी में गोल्ड ज्वैलरी का काम है, उनका बेटा भी साथ में बैठता है।

पत्नी पर आशिक के साथ मिलकर जान से मारने के लगाए आरोप
कारोबारी ने थाना कोतवाली में पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाए हैं कि पत्नी का अफेयर चल रहा है, पत्नी बिना बता घर से चली जाती है और देर रात लौटकर आती है। देर से लौटने का कारण पूछने पर अभद्रता और मारपीट करती है, जान से मारने की धमकी देती है। आरोप है कि पत्नी का जिस युवक से अफेयर चल रहा है, उसने अपनी बातों में फंसा लिया है और वह हत्या कराना चाहता है जिससे संपत्ति और दुकान उसे मिल जाए।
दुकान से ज्वैलरी चोरी करने के आरोप
कारोबारी का आरोप है कि 27 अगस्त को पत्नी और बेटा नमक की मंडी स्थित दुकान पर पहुंचे। घर पर रखी दूसरी चाबी से दुकान में रखी तिजोरी खोली और उसमें रखी ज्वैलरी ले गए। पता चलने पर पत्नी से नाराजगी जताई, आरोप है कि पत्नी ने धमकाना शुरू कर दिया।
दूसरे पक्ष से भी संपर्क करेगी पुलिस
फिलहाल थाना कोतवाली पुलिस ने कारोबारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दूसरे पक्ष से भी बात करेगी और चोरी की हकीकत जानने के लिए सीसीटीवी चेक करेगी। इसके बाद आगे की कार्रवर्इा की जाएगी।