आगरालीक्स…आगरा में राष्ट्रीय खेल दिवस पर स्पेशल ओलम्पिक बैडमिंटन और बास्केटबॉल प्रतियोगिता, टीयर्स मंदबुद्धि संस्थान के बच्चे रहे प्रथम…
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर में स्पेशल ओलम्पिक उत्तर प्रदेश भारत और अंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विशेष बच्चों की बैडमिंटन और बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस आयोजन का उद्देश्य विशेष बच्चों में खेल प्रतिभा को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और मुख्यधारा के खेलों से जोड़ना था। प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो आशु रानी एवं स्पेशल ओलम्पिक उत्तर प्रदेश भारत के जनरल सेक्रेटरी संजीव दोहरे ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में दिल्ली से आए स्पेशल ओलम्पिक के स्पोर्ट्स अधिकारी हरप्रीत सिंह ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया और प्रतियोगिता की संचालन प्रक्रिया का मार्गदर्शन किया।
प्रतियोगिता में टीयर्स मंदबुद्धि संस्थान के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया और दोनों खेल—बैडमिंटन और बास्केटबॉल—में प्रथम स्थान हासिल कर सबका मनोबल बढ़ाया। बच्चों के उत्साह और खेल भावना ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। संजीव दोहरे ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों को खेलों में भाग लेने का अवसर देना, उनकी प्रतिभा को उजागर करना और उन्हें समाज के मुख्यधारा के खेल कार्यक्रमों से जोड़ना है। समापन अवसर पर स्पोर्ट्स अधिकारी हरप्रीत सिंह और अरुण, स्पोर्ट्स डायरेक्टर ने विजेता टीम को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्पेशल ओलम्पिक टीम आगरा से राजेश जैन, प्रमोद पाठक, वत्सल प्रभाकर, शीला बहल, अखिलेश सक्सेना आदि उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रम और भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि विशेष बच्चों को खेल के माध्यम से आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का अवसर मिल सके।