आगरालीक्स…आगरा में गांधी जी की पुण्यतिथि पर हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा. ‘शांति का स्तंभ अहिंसा’ पर हुई विचार गोष्ठी
राष्ट्रपिता महात्मा गाँधीजी की पुण्यतिथि के अवसर पर सद्भावना आगरा इकाई द्वारा विश्व शान्ति एवं आपसी भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु एक भव्य सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय रहा — “शान्ति का स्तम्भ अहिंसा”, जो गाँधीजी के जीवन दर्शन का मूल आधार है। इस अवसर पर सर्वधर्म संवाद एवं समन्वय समिति के निर्देशक तथा आगरा के महाधर्माध्यक्ष मोस्ट रेव्ह. डॉ. राफी मंझली ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अहिंसा केवल एक विचार नहीं, बल्कि मानवता के उत्थान का मार्ग है। उन्होंने कहा कि आज के अशान्त वातावरण में गाँधीजी का संदेश हमें प्रेम, सहिष्णुता एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सभा में विभिन्न धर्म-संप्रदायों के गुरुजनों, प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि डॉ. जी. एस. राना, मैनेजिंग डायरेक्टर, सिम्बौयज़िया ग्रुप ऑफ स्कूल्स ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने अहिंसा को शान्ति का आधार बताते हुए कहा कि समाज में समरसता एवं सद्भाव तभी संभव है जब हम गाँधीजी के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करें।विचार गोष्ठी में प्रमुख वक्ताओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए, जिनमें — (1)प्रो. शादान जाफरी, अंग्रेजी विभाग, आगरा कॉलेज, (2) प्रो. मनु शर्मा, शिक्षा संकाय, डी.ई.आई.,आगरा, (3) श्री अरस्तू प्रभाकर , शामिल रहे। वक्ताओं ने अत्यंत सरल एवं प्रेरणादायक शब्दों में अहिंसा, सत्य, मानवता तथा सामाजिक एकता के महत्व पर प्रकाश डाला। सभा के प्रारम्भ में सद्भावना के समन्वयक फादर मिरांडा ने सभी आगन्तुकों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत वन्देमातरम् गीत से हुई। सद्भावना के उपाध्यक्ष डॉ. एस. एस. चौहान, डॉ. मधुरिमा शर्मा एवं श्री समी आगाई ने मुख्य अतिथियों का परिचय कराया। श्रीमती वत्सला प्रभाकर द्वारा अतिथियों को पौधे भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात श्री डेनिस सिल्वेरा के निर्देशन में सर्वधर्म प्रार्थना सभा सम्पन्न हुई, जिसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने धर्मग्रन्थों से पाठ पढ़कर शान्ति एवं विश्व कल्याण हेतु प्रार्थना की।
कार्यक्रम में सेंट विन्सेंट स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना नृत्य ने सभी को भावविभोर कर दिया। सद्भावना समिति के सचिव डॉ. अजय बाबू ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विचार गोष्ठी के अंतर्गत शिक्षाविदों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा विषय से संबंधित विचार पत्र प्रस्तुत किए गए तथा उत्कृष्ट सहभागियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
सभा का संचालन डॉ. राजू थॉमस ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मधुरिमा शर्मा द्वारा दिया गया तथा अंत में आभार प्रदर्शन श्री समी आगाई ने किया। इस अवसर पर पूर्व महाधर्माध्यक्ष डॉ. अल्बर्ट डिसूज़ा, फादर सेबास्टियन, फादर टोनी अल्मीडा, सेंट पीटर्स कॉलेज के प्राचार्य फादर अल्विन पिंटो, डॉ. अमित नेल्सन सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गाँधीजी के आदर्शों को आत्मसात करने एवं समाज में शान्ति, प्रेम व सद्भाव बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिल्वेरा ने संगोष्ठी के आयोजन एवं संचालन के लिए समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की सभाओं के आयोजनों की आवश्यकता पर बल दियl