आगरालीक्स…आगरा में विधायक के बेटे पर एफआईआर. टोलकर्मी को थप्पड़ जड़ने का वीडियो हुआ था वायरल
आगरा में फतेहपुर सीकरी से विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी के खिलाफ थाना अछनेरा मे मुकदमा दर्ज किया गया है. 24 फरवरी को एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें विधायक के बेटे ने टोल प्लाजा पर कर्मचारी को थप्पड़ मार दिए थे. कार्रवाई न होने पर टोलकर्मी के भाई ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी जिसके बाद शनिवार को यह मुकदमा दर्ज किया गया है.वीडियो हुआ था वायरल
सोशल मीडिया पर रायभा टोल प्लाजा का एक वीडियो वायरल हुआ. इसमें काले रंग की टोयटा फॉच्र्यूनर टोल लेन में आकर रुकी, आरोप है कि वाहन पर फास्ट टैग नहीं था. इसलिए टोल कर्मी ने उसे रोक लिया. कार के अंदर फतेहपुर सीकरी से विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी अपनी पत्नी के साथ बैठे हुए थे. टोलकर्मी द्वारा कार को रोकने के साथ ही उनकी पहचान पूछी, इसे लेकर विवाद हो गया. बहस बढ़ने पर सुरेश चौधरी ने टोलकर्मी को थप्पड़ जड़ दिए. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
भाई ने दी आत्मदाह की चेतावनी
इधर टोलकर्मी के भाई वीरू चौधरी ने शुक्रवार को फेसबुक पर वीडियो जारी किया जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस विधायक के दबाव में काम कर रही है. शिकायत के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. उन्होंने चेतावनी दी कि शनिवार को वह कलक्ट्रेट पर भाई के साथ आत्मदाह करेंगे. इसके बाद पुलिस ने आनन फानन में तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
इस मामले में फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल का मीडिया से कहना है कि उनकी कार पर विधानसभा का अधिकारिक स्टिकर लगा हुआ था, बेटे सुरेश चौधरी ने अपना परिचय भी दिया. इसके बाद भी टोलकर्मी ने अभद्रता की, अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें उकसा दिया. रायभा टोल पर आए दिन स्थानीय लोगों और वीआईपी के साथ बदतमीजी की जाती है. जब एक विधायक के साथ ऐसा हो सकता है तो आम लोगों के साथ क्या होता होगा.