आगरालीक्स…आगरा में शादी वाले घरों को बताना होगा दावत का मेन्यू और मेहमानों की संख्या. इसके बाद इतने मिलेंगे गैस सिलेंडर. अगले सप्ताह से शुरू हो रहीं शादियां
14 अप्रैल से खरमास खत्म हो रहा है और 15 अप्रैल से शादियों की गूंज आगरा में सुनाई देने लग जाएंगी. शादी वाले घरों को सबसे अधिक चिंता गैस सिलेंडर की हो रही है. ऐसे में प्रशासन की ओर से उनकी इस चिंता को दूर करने के लिए अपडेट जारी किया गया है. इसके तहत शादी वाले घरों को कार्ड के साथ मेहमानों की संख्या और दावत का मेन्यू बताने पर अस्थाई कनेक्शन दिया जाएगा और इसके बाद सिलेंडर दिए जाएंगे.10 सिलेंडर मिलेंगे
जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया है. डीसीओ ने बताया कि अभी तक 200 से अधिक परिवारों ने आवेदन किया है. खपत के आकलन के आधार पर शादी वाले एक परिवार को अधिकतम 10 कॉमर्शियल सिलेंडर दिलाए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि शादी वाले परिवारों के लिए अस्थायी कनेक्शन की प्रक्रिया बेहद सरल है. आवेदक को शादी का कार्ड, प्रार्थना पत्र जिला पूर्ति कार्यालय में देना होगा. दावत का मेन्यू और मेहमानों की संख्या बतानी होगी. प्रत्येक सिलेंडर के लिए 2400 रुपये जमानत राशि और 2155 रुपये गैस की कीमत के रूप में जमा करने होंगे.