आगरालीक्स…आगरा में भक्तिभाव से मना शरद पूर्णिमा उत्सव, चांद की झांकी में सजे श्रीमथुराधीश जी महाराज. पुरुषोत्तम मास के दौरान आज मनाया गया शरद पूर्णिमा उत्सव
यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में आज भक्ति भाव के साथ शरद पूर्णिमा उत्सव मनाया गया। पुरुषोत्तम मास में आयोजित वर्षके उत्सवों की श्रंखला में आज शरद उत्सव के पावन अवसर पर मंदिर को श्वेत बेला व मोगरा के पुष्पों व सतरंगी रोशनी से सजाया गया। कीर का प्रसाद लगा और मनमोहक झांकियों ने हर भक्त के मन को भक्ति की गंगा से पावन और निर्मल कर दिया। मंदिर परिसर में आज भक्त श्रीहरि की मनमोहक छवि के दर्शन को उत्साहित दिखे। कीर्तन, भजन के साथ भक्तिमय माहौल में राधा-कृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। मंदिर में सजी महारास की मनमोहक व आकर्षक झांकियां हर भक्त को लुभाती नजर आयी। रात्रि में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान की आराधना की तथा आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। शरद पूर्णिमा के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। यमुना भक्त बृज खंडेलवाल व मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय ने बताया कि इस दिन चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से पूर्ण होता है और उसकी चांदनी अमृतमयी मानी जाती है। इसी कारण श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार खीर बनाकर उसे चंद्रमा की रोशनी में रखा तथा बाद में प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। उत्सव के समापन पर शयन आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सूर्या श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, आकाश वर्मा, तनु वर्मा, अपाला शर्मा, रोहित गुप्ता आदि उपस्थित थे।