आगरालीक्स…आगरा में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव दो दिन के लिए आ रहे हैं. होटल मुगल में व्यापारियों और युवाओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं जानेंगे…साथ ही संगठन की बैठक कर चुनाव के दावेदारों को लेकर करेंगे समीक्षा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव दो दिन आगरा दौरे पर आ रहे हैं. उनका आगरा कार्यक्रम 13 और 14 जून को रखा गया है. वे 13 जून की शाम छह बजे सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास जाएंगे. हरीपर्वत एमआईजी फ्लेट में जाकर सांसद रामजीलाल सुमन के धेवते के निधन पर शोक जताएंगे. यहां करीब एक घंटा वे रहेंगे. इसके बाद बाग फरजाना, सिविल लाइसं में डॉ. आलोक पारिक के निवास पर जाएंगे. यहां वे रात्रि विश्राम करेंगे. अगले दिन 14 जून को होटल आईटीसी मुगल में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम में शामिल होंगे. यहां वे उद्यमियों और युवाओं से संवाद करेंगे. यहां वे व्यापारियों की समस्याओं को जानेंगे. विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियांसपा प्रमुख अखिलेश यादव का यह आगरा आगमन विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर देखा जा रहा है. वे यहां पर संगठन की मजबूती को परखेंगे और बैठक कर चुनाव के दावेदारों की समीक्षा भी करेंगे. अखिलेश यादव के आगरा आगमन को लेकर सपाइयों में उत्साह है.
आगरा की सीटों पर हर बार रही है अखिलेश यादव की नजर
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की नजर हमेशा से आगरा की सीटों पर रही है. मगर पिछले दो चुनावों में सपा को आगरा से जीत नहीं मिल सकी है. आगरा की सभी नौ विधानसभा सीटें और दो लोकसभा सीटों के लिए सपा ने अपना पूरा दम दिखाया है. सपा सरकार के दौरान आगरा में ताजगंज प्रोजेक्ट सहित कई कार्य भी कराए गए मगर ये विकास कार्य जीत में नहीं बदल सके हैं. ऐसे में 2027 के चुनाव में फिर से सपा आगरा की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए पूरे जोर से लग गई है. ऐसे प्रत्याशियों को टिकट दी जाएगी जो पार्टी को जीत दिला सकें.