आगरालीक्स…आगरा में दयालबाग—पोइया घाट पर बना पैंटून पुल हटाया जा रहा है. तीन—चार दिन में पूरी तरह से हटा दिया जाएगा. आवागमन होगा बंद…अब फिर से लंबा चक्कर लगाना होगा
आगरा के दयलाबाग स्थित यमुना के पोइया घाट पर बना पैंटून पुल हटाया जा रहा है. सोमवार से इसे हटाने का काम शुरू कर दिया गया है और अगले तीन से चार दिन में पूरी तरह से इसे खोल दिया जाएगा जिससे यहां से आवागमन फिर से बंद हो जाएगा. सोमवार को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी पुल को खोलने के लिए यहां पहुंच गए. पुल बंद होने से यहां से गुजरने वाले लोगो को फिर से लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक जाना होगा.चार महीने ही रहा पुल
आगरा के दयालबाग से खंदौली रोड को जोड़ने वाले पोइया घाट पर बने इस पुल को मार्च माह में खोला गया था. इसके शुरू होने से शहरवासियोें को काफी हद तक राहत मिली थी. उन्हें खंदौली जाने के लिए रामबाग या टेढ़ी बगिया नहीं जाना पड़ रहा था और यहां लगने वाले भीषण जाम से भी नहीं जूझना पड़ रहा था. पोइया घाट से निकलकर यह पुल उजरई में जाकर आगरा—अलीगढ़ रोड पर मिल रहा था. ऐसे में बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन इस पुल से गुजरने वाले मार्ग से आवागमन कर रहे थे. इससे न सिर्फ समय की बचत हो रही थी बल्कि ईंधर को भी बचाया जा रहा था.
पोइया घाट से पैंटून पुल हटने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है. नियमित रूप से आने जाने वाले लोगों का कहना है कि अब फिर से रामबाग और टेढ़ी बगिया चौराहे के लंबे रास्ते से आवागमन करना होगा और साथ ही जाम से भी जूझना होगा.
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद अक्टूबर माह में दोबारा पैंटून पुल को बनाया जाएगा. बताया जाता है कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए जुलाई से तीन माह तक पैंटून पुल हटा रहेगा और इसके बाद फिर से इसे लगा दिया जाएगा.