आगरालीक्स…आगरा में सनसनीखेज वारदात. पति की हत्या के बाद पत्नी ने बाथरूम में शव गाढ़ कर करा दिया फर्श. ऐसे खुला हत्याकांड
आगरा के रेणुका धाम कॉलोनी सिकंदरा में 45 साल के सुरेंद्र शर्मा, पत्नी रूबी, दो बेटी और मां कमला के साथ रह रहे थे. इनकी मां की पेंशन आती थी और उसी से घर चलता था. शुक्रवार को रूबी ने अपने जेठ वायु विहार निवासी अनिल शर्मा को फोन कर अपने घर बुलाया. अनिल शर्मा ने जब अपने भाई सुरेंद्र के बारे में पूछा तो रूबी ने बताया कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर दी है और शव को बाथरूम में गाढ़ दिया है.बाथरूम खोदकर निकाला शव
अनिल ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस रेणुका धाम कॉलोनी स्थित रूबी के घर पहुंची. बाथरूम की खोदाई कराई गई. इसमें कंकाल निकला है. रूबी ने पूछताछ में बताया कि उसने पति सुरेंद्र शर्मा की 19 मई को हत्या कर दी थी और शव बाथरूम में गाढ़ दिया था. पुलिस ने रूबी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है.
वेरिफिकेशन करने पुलिस के पहुंचने से डेढ़ महीने बाद खुला मामला
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि 18 मई को रूबी ने जेठ अनिल शर्मा को फोन किया, उन्हें बताया कि वे मां और बेटी को ले जाएं। अनिल शर्मा अपने साथ रूबी की सास और दोनों बेटियों को वायु विहार कॉलोनी स्थित अपने घर ले गए। अगले दिन रूबी भी उनके घर पहुंच गई, जब अनिल शर्मा ने भाई सुरेंद्र शर्मा के बारे में पूछा तो बताया कि वे कहीं चले गए हैं। करीब सात दिन बाद भी सुरेंद्र शर्मा का पता न चलने पर रूबी ने प्राची टावर चौकी पर जाकर गुमशुदगी दर्ज करा दी। जून के अंत में रूबी, उसकी सास और दोनो बेटियां वापस रेणुका धाम कॉलोनी स्थित अपने घर पर आ गईं। पिछले दिनों अनिल शर्मा रेणुका धाम से अपनी मां को साथ ले गए। घर पर रूबी और उनकी दोनों बेटियां रह रहीं थी, गुमशुदगी दर्ज होने के कारण पुलिस वेरिफिकेशन के लिए पहुंची इससे रूबी घबरा गई। उसने शुक्रवार को जेठ अनिल शर्मा को बुलाया और सुरेंद्र शर्मा की मौत के बारे में जानकारी दी।
रूबी बोली पति ने की सुसाइड
पुलिस पूछताछ में रूबी ने कहा कि उसने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या नहीं की है। सुरेंद्र शर्मा शराब पीते थे, घर में आए दिन लड़ाई होती थी, सास की पेंशन से ही घर चलता था। सुरेंद्र शर्मा ने सुसाइड कर ली थी, घर पर और कोई नहीं था इससे वह डर गई, उसने शव को फंदे से उतारा और बाथरूम में गाढ़ दिया।