आगरालीक्स… आगरा में मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक के बिल में तीन साल की सजा के प्रावधान का विरोध कर रहे मुस्लिम लॉ बोर्ड का पुतला फूंका। लॉ बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि मुस्लिम लॉ बोर्ड उन्हें आजादी से मुक्त करना नहीं चाहता है। यही वजह है कि मुस्लिम लॉ बोर्ड रोज एक नए बयान देकर आक्रोश पैदा कर रहा है।
बुधवार दोपहर में मुस्लिम महिला और पुरुषों ने कलेक्ट्रेट के सामने मुस्लिम लॉ बोर्ड का पुतला फूंका, सांकेतिक पुतले को चप्पलों से पीटा, कहा कि मुस्लिम लॉ बोर्ड तीन तलाक के बिल को लेकर दिए गए बयान को वापस ले। चेतावनी दी है कि मुस्लिम लॉ बोर्ड अपना बयान वापस नहीं लेता है तो आगरा के साथ ही पूरे प्रदेश में पुतला फूंका जाएगा।
यह है मामला
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने केंद्र सरकार के तीन तलाक बिल का विरोध किया है. बोर्ड ने केंद्र सरकार से बिल को संसद में नहीं पेश करने की मांग की है. बोर्ड ने बिल को मुस्लिम महिलाओं की परेशानियां बढ़ाने वाला कहा है. लॉ बोर्ड ने कहा कि सरकार का बिल औरतों के खिलाफ है. लॉ बोर्ड ने कानून के मसौदे को वापस लेने की मांग की. ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सचिव जफरयाब जिलानी ने कहा कि इस बिल में 3 साल की सजा और जुर्माना दोनों का प्रावधान है, लेकिन जुर्माना सरकार की जगह तलाकशुदा महिला को दिया जाना चाहिए था. ऐसा इस बिल में कुछ नहीं है. तीन तलाक वाली महिलाओं के लिए अलग फोरम है. बच्चों की कस्टडी को लेकर हमारी शरीयत में यह है कि किसके साथ रखने में बच्चे का भला है. यह कानून पहले से मौजूद है. इस कानून में आप बच्चे को इससे महरूम कर रहे हैं.