आगरालीक्स…आगरा के विवि ने शुरू किए 8 आनलाइन कोर्स. घर बैठे कर सकते हैं ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन. एडमिशन शुरू
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (डीबीआरएयू), आगरा ने आठ ऑनलाइन डिग्री कोर्स की शुरुअआत की हे. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के माध्यम से बीबीए, बीसीए, बी. कॉम., एमबीए, एमसीए, एम.कॉम., एम.ए. (समाजशास्त्र) तथा एमबीए (ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट) सहित आठ ऑनलाइन कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं. इन कार्यक्रमों को विशेष रूप से उन शिक्षार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो उच्च शिक्षा के साथ अधिक लचीलापन चाहते हैं. इनमें ऐसे विद्यार्थी शामिल हैं, जो भौगोलिक दरी, स्थान परिवर्तन अथवा अन्य कारणों से नियमित रूप से विश्वविद्यालय परिसर में उपस्थित नहीं हो सकते. इसके साथ ही कामकाजी पेशेवरों को भी अपने व्यावसायिक दायित्वों के साथ शिक्षा जारी रखने का अवसर मिलेगा.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा, ऑनलाइन कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षार्थियों को एक सुव्यवस्थित डिजिटल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपनी सुविधा और समय के अनुसार अध्ययन कर सकेंगे. दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के निदेशक प्रो. शरद उपाध्याय ने कहा, “इन आठ ऑनलाइन कार्यक्रमों का शुभारंभ विश्वविद्यालय की डिजिटल शिक्षा यात्रा में एक महत्वपूर्ण विस्तार है. हमारा उद्देश्य केवल पारंपरिक कक्षा शिक्षण को ऑनलाइन माध्यम में स्थानांतरित करना नहीं, बल्कि ऑनलाइन शिक्षार्थियों की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप एक प्रभावी, सहज और समग्र शिक्षण अनुभव विकसित करना है. सीडीओई ऐसे डिजिटल तंत्र के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहा है, जिसमें शिक्षार्थियों को उनकी पूरी शैक्षणिक यात्रा के दौरान गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, सुव्यवस्थित शैक्षणिक सहयोग और निरंतर विद्यार्थी सहायता उपलब्ध हो.”
इन सभी आठ ऑनलाइन कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है. इच्छुक विद्यार्थी कार्यक्रमों, पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य विवरणों की जानकारी प्राप्त करने तथा ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विश्वविद्यालय के ऑनलाइन शिक्षा पोर्टल पर जा सकते हैं.