फिरोजाबादलीक्स…चोरी के शक में पुलिस ने पति को उठाया, गर्भवती पत्नी की बिगड़ी तबीयत, बेटे को जन्म देने के बाद हो गई मौत. परिजनों ने किया हंगामा.
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में पुलिस ने चोरी के शक में एक युवक को उठाकर हिरासत में ले लिया. लेकिन इसके बाद उसकी गर्भवती पत्नी की तबीयत बिगड़ गई. उसे अस्पताल में ले जाया गया जहां प्रसव के बाद बेटे को जन्म देते ही उसकी मौत हो गई. इस पर आक्रोशित लोगों ने थाना शिकोहाबाद पहुंचकर हंगामा किया और नारेबाजी करने लगे.
जानिए क्या है मामला
थाना क्षेत्र के गांव लभुआ में कुछ दिन पहले चोरी की वारदात हुई थी. पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया था. परिजनों के अनुसार रविवार रात को शिकोहाबाद पुलिस गांव पहुंची. यहां उन्होंने चोरी के शक में गौरव नाम के युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया. परिजनों ने बताया कि गौरव की पत्नी अंजली गर्भवती थी. आरोप लगाया कि गौरव को ले जाने के बाद उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई. सोमवार को उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. यहां हीमोग्लोबिन कम होने के कारण प्रसूता को फिरोजाबाद भेज दिया गया. यहां उसने बेटे को जन्म देने के बाद दम तोड़ दिया.
आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा
महिला की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश छा गया. आरोप है कि इसकी जानकारी होते ही पुलिस ने गौरव को छोड़ दिया. इस पर आक्रोशित लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर थाना शिकोहाबाद पहुंच गए. यहां उन्होंने थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी व हंगामा करना शुरू कर दिया. सूचना पर पुलिस अधिकारी और पुलिस फोर्स पहुंच गया. परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश में गौरव का नाम चोरी के मामले में डालकर उसे फंसाया गया.