आगरालीक्स आगरा के एमएलसी शिक्षक खंड का चुनाव रोचक हो गया है। भाजपा से हरि शंकर तिवारी, सपा से पिछला चुनाव निर्दलीय जीत चुके आकाश अग्रवाल के साथ ही निर्देलीय डॉ. मदन मोहन शर्मा भी चुनाव मैदान में हैं। दोनों प्रमुख दलों के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों से चुनाव के जीत हार के समीकरण बदलेंगे।
एमएलसी, शिक्षक व स्नातक निर्वाचन खंड आगरा के लिए शनिवार को भाजपा प्रत्याशी हरि शंकर तिवारी ने शिक्षक और डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने स्नातक खंड के लिए नामांकन किया। इसी बीच सपा ने शिक्षक खंड प्रत्याशी बदल दिए। सपा ने पहले प्रकाश चंद्र गुप्ता को शिक्षक खंड का प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन शनिवार को आकाश अग्रवाल को प्रत्याशी घोषित कर दिया हैै।
शिक्षक खंड से निर्दलीय डॉ. मदन मोहन शर्मा व डॉ. भोज कुमार शर्मा प्रत्याशी
वहीं, शिक्षक खंड के लिए निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. भोज कुमार शर्मा नामांकन कर चुके हैं। डॉ. मदन मोहन शर्मा सोमवार को नामांकन करेंगे। इससे पहले वे अन्य राजनैतिक दलों के संपर्क में थे, छात्र राजनीति से पहचान बनाने के बाद शिक्षक राजनीति में युवा चेहरे के रूप में डॉ. मदन मोहन शर्मा को भी पसंद किया जा रहा है। जिस तरह से पिछले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी इस बार भी निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
आगरा खंड का निर्वाचन कार्यक्रम –
निर्वाचन की अधिसूचना / नामांकन प्रारंभ – 29 सितंबर, 2026
नाम निर्देशन हेतु अंतिम दिनांक – 06 अक्टूबर, 2026
नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा – 07 अक्टूबर, 2026
नाम वापसी हेतु अंतिम दिनांक – 09 अक्टूबर, 2026
मतदान – 23 अक्टूबर, 2026 (प्रातः 8:00 से अपराह्न 4:00 बजे तक)
मतगणना – 27 अक्टूबर, 2026
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण किए जाने की अंतिम तिथि – 31 अक्टूबर, 2026