आगरालीक्स…आगरा में जुटेंगे देशभर के हृदय रोग विशेषज्ञ. 24-25 अक्टूबर को होगा ‘कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0’
आगरा इंटरवेंशन कार्डियोलॉजी सोसाइटी के तत्वावधान में हृदय रोग के आधुनिक उपचार और नई तकनीकों पर मंथन के लिए देश के जाने-माने कार्डियोलॉजिस्ट और कार्डियक सर्जन 24-25 अक्टूबर को आगरा में जुटेंगे। दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार ‘कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0’ का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्फ्रेंस के पहले दिन 24 अक्टूबर को होटल जेपी पैलेस और दूसरे दिन 25 अक्टूबर को होटल हॉलीडे इन में विशेष सत्र होंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य हार्ट फेलियर, कोरोनरी आर्टरी डिजीज, एओर्टा और कार्डियक सर्जरी, स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन (TAVR) जैसी जटिल बीमारियों के बेहतर इलाज और नई गाइडलाइंस पर चर्चा करना है। गुरुवार को होटल हॉलीडे इन में आयोजन समिति ने कॉन्फ्रेंस के ब्रोशर का विमोचन कर विस्तृत जानकारी दी।
देश के दिग्गज विशेषज्ञ होंगे शामिल
कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0 के आयोजन सचिव डॉ. सुवीर गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में विभिन्न शहरों और विभिन्न राज्यों सहित देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। मुख्य वक्ताओं में नोएडा से पद्मश्री डॉ. डी.एस. गंभीर, गुरुग्राम से पद्मश्री डॉ. प्रवीन चंद्रा, मेरठ से डॉ. मुनेश तोमर, प्रयागराज से डॉ. ओमर हसन, नई दिल्ली से डॉ. सुभाष चंद्रा, डॉ. विवेका कुमार और डॉ. सुमित सेठी, मैसूर से डॉ. राजगोपाल जे. और आगरा से डॉ. सुवीर गुप्ता, डॉ. वरुन शर्मा, डॉ. सौरभ नागर तथा डॉ. हिमांशु यादव सहित तमाम जाने माने हृदय रोग विशेषज्ञ अपने शोध, अनुभव और केस स्टडीज साझा करेंगे।
यह सेमिनार चिकित्सकों को नई तकनीकों से अवगत कराने के साथ-साथ ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर भी देगा। इस दौरान कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ हृदय रोग चिकित्सक को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित भी किया जाएगा।
मेडिकल छात्रों के लिए विशेष इकोकार्डियोग्राफी वर्कशॉप
डॉ. शरद पालीवाल ने बताया कि हृदय रोगों के बढ़ते मामलों को देखते हुए 25 अक्टूबर को होटल हॉलीडे इन, संजय प्लेस में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मेडिकल छात्रों के लिए विशेष इकोकार्डियोग्राफी वर्कशॉप आयोजित होगी। इसमें एमडी मेडिसिन के छात्र, जूनियर रेजिडेंट और कार्डियक टेक्नीशियन भाग लेंगे।
वर्कशॉप में इको क्या है, दिल की पम्पिंग क्षमता (LVEF) कैसे नापते हैं, वाल्व की खराबी और रिपोर्ट को पढ़ने-समझने की बेसिक ट्रेनिंग के साथ लाइव डेमो और हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कराई जाएगी। ब्रोशर विमोचन के दौरान डॉ. शरद पालीवाल, डॉ. सुवीर गुप्ता, डॉ. एस.के. कालरा, डॉ. के.के. विश्वानी, डॉ. रजनीश सिंह, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. सौरभ नागर, डॉ. वरुण शर्मा, डॉ. जय बाबू, समाजसेवी वीरेंद्र गुप्ता ट्रांसपोर्टर और देवेंद्र ढल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।