आगरालीक्स…सरसों के तेल की कीमतें उड़ा रही होश. 225 से 230 रुपये प्रति लीटर पहुंचा सरसों का तेल. सहालग और सर्दी पर डिमांड बढ़ने से अभी और बढ़ेंगी कीमतें…
शादियों के सीजन से पहले ही महंगाई ने लोगों के होश उड़ा रखे हैं. खाने पीने की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और इनमें सरसों के तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. दो से तीन महीने पहले 170 रुपये प्रति लीटर बिकने वाला सरसों के तेल की कीमत इस समय 225 से 230 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं. पैकेट वाले तेल की कीमतों के अलावा खुले में बिकने वाला तेज भी 200 रुपये प्रति लीटर से अधिक में बिक रहा है.
सर्दी और सहालग में बढ़ी डिमांड
सर्दियों का मौसम शुरू हो गया और शादियों का सीजन भी. ऐसे में सरसों के तेल की डिमांड काफी अधिक बढ़ गई है. शादी ब्याह और सर्दियों में खाना पकाने व कैटरिंग में सरसों के तेल की खपत बढ़ जाती है.
अभी और बढ़ेंगी कीमतें
तेल कारोबारियों का कहना है कि कम आवक और महंगा सरसों दाना के कारण दाम बढ़े हैं. इसके अलावा किसानों की सीमित बिकवाली और पुराने स्टॉक में कमी के कारण भी तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. उनका कहना है कि आने वाले दिनों में भी और कीमतें बढ़ने के आसार हैं.
मार्च में आएगी नई फसल
तेल कारोबारियों का कहना है कि यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश से सरसों मंगाई जाती है. सरसों इस समय 11 हजार रुपये कुंतल पहुंच गई है जो कि एक दो महीने पहले 9000 रुपये तक थी. मार्च में नई फसल आने पर ही बढ़ती कीमतों में कुछ ब्रेक लग सकता है.