मथुरालीक्स…मथुरा में 10 दिन के अंदर दूसरी बार कल फिर आ रहे हैं सीएम योगी आदित्यनाथ. गऊ ग्राम परखम में करेंगे कई प्रकल्पों को शिलान्यास और लोकार्पण. व्यवस्थाओं को दिया गया अंतिम रूप
दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में निर्मित विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास उत्तर प्रदेश के मुखमंत्री योगी आदित्यनाथ कल (शनिवार) को दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गऊ ग्राम, परखम, फरह में करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए गऊ ग्राम, परखम में तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरु कर दिया है। समिति द्वारा मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी अतिथियों के आगमन को देखते हुए उनके स्वागत की तैयारियां कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री के उदबोधन के लिए मंच और पंडाल बनकर तैयार हो गया है। वीआईपी लोगों, पत्रकार, विशिष्ट अतिथियों और आगंतुकों के लिए अलग- अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 10 बजे से दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र गऊ ग्राम परखम फरह में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन, अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास (विधार्थी छात्रावास) का लोकार्पण करेंगे। आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय और पशु चिकित्सालय महाविद्यालय एवं कर्मचारी आवासीय परिसर (2 बीएचके) का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास, भारत सरकार होंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे।
कार्यक्रम में परम पूज्य निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज और आचार्य महामण्डलेश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा श्री अवधेशानन्द गिरि जी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुरेश सोनी अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ होंगे। लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, केंद्रीय राज्यमंत्री, मत्स्य पालन एवं पशुपालन, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ आयुष मंत्री, स्वतंत्र प्रभार और धर्मपाल सिंह कैबिनेट मंत्री, पशुधन एवं दुग्ध विकास उपस्थित रखेंगे।