आगरालीक्स.. आगरा में स्मार्ट गल्र्स की की कार्यशाला हुई, एक्सपर्ट ने बताया कि स्मार्ट होने का अर्थ सिर्फ पैसा कमाना या पश्चमी सभ्यता के कपड़े पहनना नहीं। स्वयं को जानना ही सही मायने में सशक्त व स्मार्ट होने की परिभाषा है। यदि हम आजादी चाहते हैं तो हमारे अन्दर सही निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाना होगा। क्योंकि आजादी मिलने के साथ हमारी जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। हम अपनी जिम्मेदारियों को सही मायने में तब तक नहीं निभा सकते जब तक हम खुद को न जानते हो और सही निर्णय लेने की क्षमता न रखते हों।
सफल और सकारात्मक जीवन जीने के यह टिप्स पुलिस मॉर्डन स्कूल में भारतीय जैन संगठन (बीजेएस) द्वारा आयोजित दो दिवसीय वर्कशॉप स्मार्ट गर्ल में दिए गए। वर्कशॉप में कक्षा 8 से 12 तक की 50 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। उद्घाटन एसपी प्रोटोकॉल डॉ. एमपी सिंह, बीजेएस के प्रदेश अध्यक्ष पंकज जैन, मनोज जैन, कुमार मंगलम ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया। ट्रेनर अंजना जैन ने छात्राओं को बताया कि जीवन में बेहतर रिश्ते बनाने के लिए जरूरी है कि हम सकारात्मक भाव और डरे बिना अपने मन की बातों को साझा करें। ये सोचे बिना कि नतीजा क्या होगा। अपनी बात को रखने के लिए सही समय का चुनाव करना आवश्यक है। जो नतीजा निकले उसे खुशी से स्वीकार करें। माता-पिता से सिर्फ अच्छे विचार ही नहीं यदि कोई गलत विचार भी हैं तो उस पर भी बात करें। तभी आप सही-गलत के अन्तर को समझ पाएंगी। छात्राओं को उनके स्वास्थ्य और साफ सफाई के बारे में जानकारी दी गई। कल (12 मई को) 9 बजे प्रारम्भ होने वाली वर्कशॉप में छात्राओं को सेल्फ डिफेन्स, दोस्ती करने व शादी के बाद परिवार में बेहतर रिश्ते बनाने के लिए जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से ममता जैन, नेघना छावड़ा, प्रिया जैन, प्रीति, समकित, सुधीरकान्त, पवन जैन आदि उपस्थित थे।
प्रदेश की 5000 बेटियों को स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप के जरिए स्वावलम्बी बनाने का लक्ष्य
बीजेएस के प्रदेश अध्यक्ष पंकज जैन ने बताया कि प्रदेश में 15 से 25 आयुवर्ग की युवतियों के लिए 20 वर्कशॉप लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके माध्यम से 5000 बेटियों को स्वावलम्बी बनाया जाएगा। वर्कशॉप में स्वयम को जानना, परिवार से स्वस्थ संवाद व स्वस्थ रिश्ते, मित्रों का चयन, स्वाभिमान की रक्षा, स्वयं की सुरक्षा व जिम्मेदारी के साथ स्वतंत्रता को सही मायने में प्रयोग करना जैसी बातों पर विस्तार बताया जाएगा।