
आगरालीक्स……. मधुमणि हत्याकांड में जेल में बंद पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र अमनमणि पर हादसे के बाद दोहरी आफत टूटी। पत्नी सारा की मौत हो गई तो फीरोजाबाद पुलिस ने उन्हें अपहरण के एक मामले में हिरासत में ले लिया।
बसपा सरकार में मंत्री रहे अमरमणि त्रिपाठी के इकलौते पुत्र अमनमणि त्रिपाठी गुरुवार दोपहर अपनी पत्नी सारा (२४) के साथ स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूपी 53 बीआर 0080 द्वारा लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे जब उनकी कार थाना सिरसागंज क्षेत्र अंतर्गत गुंजन चौराहा के समीप पहुंची, तभी एक बालिका हाइवे पर उनकी कार के आगे आ गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार हाईवे से पलटते हुए नीचे खड्ड में गिर गई।
हादसा देख दौड़े ग्रामीणों ने कार में सवार दंपति को निकाला। कार चला रहे अमनमणि को हल्की खरोंचे आईं लेकिन कार के पीछे की सीट पर बैठी उनकी पत्नी सारा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनके सिर में गंभीर चोट थी और नाक से खून बह रहा था। स्थानीय लोग सारा को टाटा मैजिक से लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पत्नी की मौत की जानकारी होते ही अमनमणि स्तब्ध रह गए।
फीरोजाबाद के सिरसागंज में हुए कार हादसे की जानकारी लखनऊ पहुंचने के बाद वहां से पुलिस के पास फैक्स आया। इसमें अमनमणि को वहां के गौतमपल्ली थाने में दर्ज अपहरण के मामले में वांछित बताया गया। इसके बाद पुलिस ने अमनमणि को कस्टडी में ले लिया। उसे अब शव के साथ पुलिस कस्टडी में ही लखनऊ भेजा जा रहा है। वहीं रात नौ बजे सारा की मां सीमा फीरोजाबाद पहुंच गईं। उन्होंने पुलिस से कहा कि वह घटनास्थल पर जाना चाहती हैं।
लखनऊ का अपहरण कांड
गोरखपुर निवासी ठेकेदार ऋषि पांडेय ने पांच अगस्त 2013 देर रात लखनऊ के कैंट कोतवाली क्षेत्र में अमनमणि, उसके दोस्त रवि और अन्य के खिलाफ मारपीट, अगवा करने, रंगदारी मांगने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में यह मामला गौतमपल्ली थाने को स्थानांतरित हो गया था। ऋषि का आरोप है कि चुनावी रंजिश के कारण आरोपी ने उन्हें परिवार समेत अगवा किया था और उनकी पत्नी शीला ऑक्सीजन मास्क निकाल दिया था, जिन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। फिलहाल अमनमणि फरार चल रहे थे। राजधानी पुलिस को उसकी तलाश में जुटी थी। हाल में ही पुलिस ने आरोपी अमनमणि के गोरखपुर स्थित आवास पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया था।
Leave a comment