आगरालीक्स… आगरा में लॉक डाउन का चौथा दिन है, कोरोना के 10 केस मिलने के बाद विदेश से आगरा लौटने वालों के लिए होटल और हॉस्पिटल में 250 बेड का क्वारंटाइन सेंटर। कंट्रोल रूम और नोडल अधिकारी का नंबर किया गया जारी। सभी की की जाएगी स्क्रीनिंग, लक्षण होने पर सैंपल लिए जाएंगे।
आगरा के होटल क्लार्क शिराज सहित क्वारंटाइन सेंटर के लिए पांच होटल चिन्हित किए गए हैं, इन होटलों में विदेश से लौटने वाले संदिग्धों को 14 दिन के लिए एकांतवास में रखा जाएगा। इसके साथ ही नेमिनाथ हॉस्पिटल में 200 बेड तैयार कराए गए हैं, इसमें भी बाहर से लौटने वाले रखे जाएंगे। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में संदिग्ध भर्ती हैं।
एसएन में चल रहा तीन कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज
कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए एसएन इमरजेंसी को आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां बेंगलुरु से लौटी युवती, अमेरिका से लौट कर आया डॉक्टर का बेटा और लंदन से लौटी कारोबारी की बेटी भर्ती है। इन तीनों का इलाज चल रहा है।
24 घंटे में कोरोना के दो केस
चीन के वुहान के बाद अमेरिका, इंग्लैंड, इटली, स्पेन, जर्मनी सहित दुनिया भर के देशों में कोरोना वायरस कहर बरपा रहा है। वहां रह रहे लोग और छात्र आगरा आ गए हैं, ये कई दिनों से आगरा में है, इनके बुखार और गला खराब होने पर जांच कराई जा रही है। पिछले 24 घंटे में आगरा में अमेरिका से 21 मार्च को आगरा लौटे डॉक्टर के बेटे और 17 मार्च को लंदन से वापस आई कारोबारी की बेटी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके बाद सख्ती कर दी गई है।
28 मार्च रात सात बजे तक देनी है सूचना
डीएम प्रभु एन सिंह ने आदेश जारी किए हैं कि प्रोटोकॉल के तहत 12 मार्च को और उसके बाद विदेश यात्रा से आगरा आए हैं, उन सभी को कोरोना कंट्रोल रूम पर अपनी जानकारी देनी है। 28 मार्च को रात सात बजे तक अपना मोबाइल नंबर कंट्रोल रूम पर फोन कर उपलब्ध कराना होगा। इन सभी की स्क्रीनिंग की जाएगी, संदिग्ध मिलने पर सैंपल लिए जाएंगे।
कोरोना मेडिकल कंट्रोल रूम 0562 2600508, 2600412
डॉ पियूष जैन 8859074040
डॉ राकेश अग्निहोत्री 9897334606