आगरालीक्स… आगरा के शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट की छत पर शिलांग निवासी युवक का शव फंदे से लटका मिला है। शिलांग, मेघालय के पुलिस अधिकारी की सूचना पर स्थानीय पुलिस रेस्टोरेंट पर पहुंची और शव को छत से बरामद किया। युवक के वाटस एप मैसेज की पुलिस जांच कर रही है।
मंगलवार को मेघालय के पुलिस अधिकारी ने आगरा के अधिकारियों को एक मैसेज भेजा, इस मैसेज में लिखा था कि मैं एल्ड्रिन लिंगदोह हूं। एक गरीब परिवार में पैदा हुआ। माता-पिता की मौत हो चुकी है। मैं कुछ करने की चाहत में वहां से निकल आया। मैं अपनी जिंदगी बदलना चाहता था। मैं आगरा में कारगिल पेट्रोल पंप चौराहा के पास शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। मोदी जी ने मेरे लिए सारे रास्ते बंद कर दिए। रेस्टोरेंट मालिक सीमा चौधरी से मैंने मदद मांगी। उन्होंने कहा कि जहां जाना हो वहां जाओ। मेरे पास एक ही रास्ता बचा है वह है सुसाइड का। ए मैं आपसे एक मदद चाहता हूं। अगर आप मानवता रखते हैं तो कृपया मेरे शव को मेरे टाउन में पहुंचा देना, जिससे मुझे शांति मिल सके। इतना कर देना। क्योंकि आज मैं नहीं रहूंगा। मैं मजाक नहीं कर रहा। सीमा चौधरी के ससुर मंत्री है इसलिए उनका कुछ नहीं होगा।
पुलिस को रेस्टोरेंट की छत पर लटका मिला शव
एएसपी सौरभ दीक्षित पुलिस फोर्स के साथ शांति फूड कोर्ट रेस्टोरेंट, शास्त्रीपुरम पहुंचे। पुलिस रेस्टोरेंट की छत पर गई वहां टिन शेड में फंदे से युवक लटका मिल गया। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि एल्ड्रिन लिंगदोह को चोरी के मामले में आगरा की सिंदरा पुलिस ने पकडा था, छूटने के बाद वह दिल्ली चला गया, वहां नौकरी कर रहा था, लॉक डाउन के बाद वह दिल्ली से आगरा आ गया था।