आगरालीक्स…. आगरा निवासी आज तक के रिपोर्टर की सडक हादसे में गंभीर घायल होने पर इलाज के दौरान मौत हो गई, उन्हें चार घंटे तक इलाज नहीं मिला, वे आगरा के आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 11 में रहते थे। बुधवार शाम को उनका पार्थिव शरीर घर लाया गया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उधर, मौत के बाद रजत की आंखें डोनेट कर दी गई।
आज तक के रिपोर्टर रजत सिंह (30) पुत्र बृजेंद्र सिंह यादव का परिवार आगरा के आवास विकास सेक्टर 11 में रहता है। उनके भाई रोहित सिंह ने बताया कि रजत नोएडा के सेक्टर 37 में बोटनिकल गार्डन के पास रहते थे। 23 अक्तूबर की रात तकरीबन डेढ़ बजे ड्यूटी खत्म करके बाइक से घर लौट रहे थे। तभी उन्हें ट्रक की टक्कर लगी। हादसे में वह गंभीर घायल हुए। पुलिस ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोप है कि अस्पताल में घायल रजत को चार घंटे तक फर्स्ट एड नहीं दिया गया। न ही किसी अन्य अस्पताल के लिए रेफर किया गया। उधर, सूचना पर रजत के चाचा आलोक यादव पहुंचे। वह दिल्ली के पीएफ कमिश्नर हैं। इलाज नहीं होने पर वह रजत को एम्स ले गए। रजत का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था। मंगलवार रात तकरीबन 8:30 बजे उनकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया। उनके एक भाई रोहित इंजीनियर हैं, जबकि दूसरे प्रशांत सिंह एक कंपनी में एचआर डिपार्टमेंट में हैं। रजत की जनवरी में शादी थी। उन्हें पिछले साल ही मुंबई प्रेस क्लब के प्रतिष्ठित रेड इंक अवार्ड मिला था। उनके पिता बृजेंद्र सिंह और मां मीना यादव यूपी पुलिस से इंस्पेक्टर के पद से रिटायर्ड हुई हैं।
Leave a comment